Punjabi News

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से शेयर बाजारों में शुरुआती कारोबार में तेजी

8

मुंबईः कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और वैश्विक स्तर पर सकारात्मक रुझानों से सेंसेक्स और निफ्टी में सोमवार को शुरुआती कारोबार में तेजी दर्ज की गई। विदेशी निवेशकों के पूंजी प्रवाह और रिलायंस इंडस्ट्रीज तथा एचडीएफसी बैंक जैसी बड़ी कंपनियों के शेयर में खरीदारी ने भी निवेशकों की धारणाओं को मजबूत किया। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 407.12 अंक चढ़कर 77,210.02 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 114.75 अंक की तेजी के साथ 24,129.95 अंक पर रहा।

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से रिलायंस इंडस्ट्रीज, टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी बैंक और एचसीएल टेक के शेयर लाभ में रहे। वहीं टाइटन, इंटरग्लोब एविएशन, अदाणी पोर्ट्स और आईटीसी के शेयर नुकसान में रहे। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225 और चीन का एसएसई कम्पोजिट बढ़त में रहे, जबकि हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट में कारोबार कर रहा है। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को ‘जूनटीन्थ’ अवकाश के कारण बंद थे।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.50 प्रतिशत की गिरावट के साथ 79.36 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुक्रवार को शुद्ध लिवाल रहे थे और उन्होंने 4,859.07 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। सेंसेक्स शुक्रवार को 607.08 अंक और निफ्टी 154.90 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ था।