- कहा: मोगा रैली में पंजाबियों से ज्यादा बाहरी लोग थे
- सवाल: शाह ने पंजाब के लिए क्या नया दिया?
चंडीगढ़ : पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी के बड़े-बड़े दावों और प्रचार के बावजूद मोगा में हुई रैली पूरी तरह फीकी साबित हुई है। उन्होंने कहा कि यह रैली “पूरी तरह आउटसोर्स किया हुआ शो” थी, जिसमें मेजबान और मेहमान दोनों ही बाहर से लाए गए थे।
वड़िंग ने कहा कि यह रैली दरअसल आम आदमी पार्टी सरकार की पूरी मदद से करवाई गई और लोगों को राजस्थान व हरियाणा जैसे पड़ोसी राज्यों से लाया गया, जहां दोनों जगह भाजपा की सरकार है। उन्होंने कहा कि भाजपा की इस पंजाब रैली में पंजाबियत की कोई झलक नहीं थी, क्योंकि हर चीज बाहर से लाई गई थी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि पंजाब सरकार ने इस रैली को “पूरे दिल से” समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस उन लोगों को हिरासत में ले रही थी, जिन पर रैली का विरोध करने का शक था। वड़िंग ने कहा कि आम आदमी पार्टी द्वारा भाजपा की रैली को दिया गया, यह समर्थन पंजाब के लोगों से छिपा नहीं रह सका, क्योंकि लोग पहले से जानते हैं कि आम आदमी पार्टी भाजपा का ही दूसरा रूप है।
वड़िंग ने जोर देते हुए, कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज जो कुछ कहा, वह पंजाब के लोग पहले से ही जानते हैं। उन्होंने सवाल किया कि इसमें नया क्या था। पंजाब के लोगों को समस्याओं का पता है, आपको उनके समाधान देने चाहिए थे, लेकिन आप इसमें असफल रहे। उन्होंने शाह से कहा कि अब लोग आपके खोखले भाषणों से प्रभावित नहीं होंगे।
















