- कहा: अपनी नाकामियों के कारण डर और हताशा महसूस कर रही है सत्तारूढ़ पार्टी
चंडीगढ़ : पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने आम आदमी पार्टी द्वारा साजिश के तहत भूलत्थ से विधायक और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सुखपाल सिंह खैहरा को धमकाने और परेशान करने की कड़े शब्दों में निंदा की है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने वरिष्ठ कांग्रेसी विधायक के खिलाफ आम आदमी पार्टी द्वारा चलाई जा रही मुहिम पर प्रतिक्रिया देते हुए, कहा कि यह सत्तारूढ़ पार्टी के भीतर के डर और हताशा को दर्शाता है, जो अपनी लगातार नाकामियों के कारण अब विपक्ष के नेताओं को डराने-धमकाने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी को यह एहसास हो गया है कि पंजाब के लोग अब उसके झूठों को गंभीरता से नहीं लेते हैं। इसी कारण वह अब विपक्षी नेताओं और उन पत्रकारों को भी डराने-धमकाने की कोशिश कर रही है, जो सरकार की नाकामियों को उजागर कर रहे हैं।
उन्होंने खैहरा के साथ पूरी तरह से एकजुटता जताते हुए और सरकार की नाकामियों को उजागर करने के लिए उनके द्वारा चलाए जा रहे अभियान का समर्थन करते हुए, कहा कि हर कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता खैहरा के साथ खड़ा है और हमेशा खड़ा रहेगा।
उन्होंने जोर देते हुए, कहा कि वह स्पष्ट करना चाहते हैं कि सुखपाल सिंह खैहरा आम आदमी पार्टी के झूठ के खिलाफ अपनी लड़ाई में अकेले नहीं हैं। पार्टी का हर कार्यकर्ता और नेतृत्व उनके साथ खड़ा है। चाहे सरकार अपनी ताकत और अधिकारों का कितना भी दुरुपयोग क्यों न कर ले, कांग्रेस पार्टी के नेता और कार्यकर्ता कभी भी डरने वाले नहीं हैं।
उन्होंने आम आदमी पार्टी सरकार से कहा कि अब आपके दिन गिने-चुने रह गए हैं। आपकी उलटी गिनती शुरू हो चुकी है और आप अब लोगों को लंबे समय तक धोखा नहीं दे सकते।















