चम्बा/सलूणी: हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के सलूणी उपमंडल में बुधवार देर रात हुए एक भीषण अग्निकांड ने कई परिवारों के सामने आजीविका का गहरा संकट खड़ा कर दिया है। उपमंडल के संघणी बाजार में भड़की आग की भेंट चढ़ने से करीब 7 दुकानें और एक मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए हैं। जिन दुकानों के सहारे कई परिवारों का गुजर-बसर होता था, उनके देखते ही देखते नष्ट होने से व्यापारियों को लाखों रुपए का भारी आर्थिक नुक्सान उठाना पड़ा है। कारोबार का सारा सामान जल जाने से अब इन दुकानदारों के सामने दोबारा कामकाज खड़ा करने की बड़ी चुनौती है।
घटनाक्रम के अनुसार, बुधवार रात करीब साढ़े 11 बजे संघणी बाजार में अचानक आग भड़क उठी थी। आग की लपटें देखकर स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया और बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के ग्रामीण और दुकानदार तुरंत मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश शुरू की, लेकिन लपटें तेजी से फैलती चली गईं। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि उसने आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया और व्यापारियों को संभलने या दुकानों के भीतर रखा सामान बाहर निकालने का पर्याप्त समय तक नहीं मिल पाया।
वहीं आग की घटना को लेकर दमकल विभाग सलूणी को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही दमकल कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग बुझाने का मोर्चा संभाला। घटनास्थल पर रात करीब दो बजे तक आग बुझाने के प्रयास जारी रहे। काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकानें और उनमें रखा लाखों का सामान राख के ढेर में तब्दील हो चुका था। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है और राजस्व टीम द्वारा नुक्सान का आकलन किया जा रहा है।
इस हादसे की पुष्टि करते हुए कार्यवाहक एसडीएम अनिल भारद्वाज ने बताया कि भीषण अग्निकांड में 7 के करीब दुकानें और मकान जलने की सूचना मिली है। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लिया और तहसीलदार की अगुवाई में राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेज दिया गया है। दूसरी ओर, इस घटना से टूटे प्रभावित दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से जल्द से जल्द नुक्सान का आकलन करवाने और फौरी आर्थिक राहत उपलब्ध करवाने की मांग उठाई है, ताकि ये परिवार दोबारा अपना कारोबार शुरू कर सकें।


















