Punjabi News

बिहार के अररिया में नहर में गिरी स्कॉर्पियो, छह लोगों की मौत, तिलक समारोह से लौट रहे थे सभी

8

बिहार के अररिया जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां एक स्कॉर्पियो कार के नहर में गिर जाने से छह लोगों की मौत हो गई। जानाकारी के अनुसार स्कॉर्पियो में कुल 7 लोग सवार थे, जिसमें से 6 लोगों की मौत हो गई। एक घायल व्यक्ति का इलाज चल रहा है।

अररिया के एसपी के बयान के अनुसार, यह हादसा बुधवार देर रात ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के बीड़ी पुल के पास हुआ। बताया जा रहा है कि ड्राइवर का कार से नियंत्रण हट गया, जिसके कारण गाड़ी नहर में जा गिरी। कार में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें से छह की मौत हो गई। पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और कार में सवार सभी सात लोगों को अररिया सदर अस्पताल ले गई, जहां छह लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।

मृतकों में चार नाबालिग

मृतकों की पहचान 28 वर्षीय कुंदन यादव, 22 वर्षीय मुन्ना कुमार, 20 वर्षीय आदित्य, 16 वर्षीय यश कुमार, 15 वर्षीय आर्यन और 15 वर्षीय सौरभ के रूप में हुई है। ये सभी सुपौल जिले के थुमहा गांव के रहने वाले थे। मृतकों में चार नाबालिग हैं। एक साथ 6 लोगों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा है।

पुलिस के बयान के मुताबिक, एक व्यक्ति का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसके परिवार वाले भी वहां पहुंच गए हैं। ये सभी लोग अररिया के सिकटी ब्लॉक स्थित भापटिया गांव में दूल्हे के घर से एक ‘तिलक’ समारोह (शादी से जुड़ा एक कार्यक्रम) से लौट रहे थे।