पाकिस्तान के पेशावर में आज एक प्राइवेट स्कूल की छत गिरने से 29 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 28 छात्र और एक महिला टीचर शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, सभी बच्चे 13 साल या उससे कम उम्र के थे। यह हादसा दीर कॉलोनी इलाके में हुई। हादसे में 40 से ज्यादा लोग घायल भी हुए हैं। घायलों के इलाज के लिए अस्पताल में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है, और अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में डॉक्टरों और अन्य स्टाफ को तैनात किया गया है।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस हादसे में हुई मौतों पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और उन्हें इस मुश्किल समय में हिम्मत देने की प्रार्थना की। प्रधानमंत्री ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घायलों को हर संभव बेहतरीन इलाज मुहैया कराया जाए और बचाव कार्यों में तेजी लाई जाए।
खैबर पख्तूनख्वा के गवर्नर फैसल करीम कुंडी ने भी इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। गवर्नर ने कहा कि मासूम बच्चों की मौत एक बेहद दुखद घटना है।
उन्होंने घायल बच्चों के जल्द ठीक होने की कामना की और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि उन्हें उचित इलाज मिलना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से स्कूल की छत गिरने के मामले में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है और घटना के कारणों का पता लगाने के निर्देश भी दिए हैं।

















