Punjabi News

स्पेयर पार्ट्स फैक्ट्री में लगी भीषण आग, इलाके में मची अफरा-तफरी

7

लुधियाना : महानगर के गिल चौक स्थित ऋषि ढाबे के नजदीक बाजीगर मोहल्ले में देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक स्पेयर पार्ट्स फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। रात करीब 12 बजे हुए इस अग्निकांड के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फैक्ट्री की पहली मंजिल से उठती आग की ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए और तुरंत फायर ब्रिगेड एवं पुलिस को घटना की सूचना दी।

प्रत्यक्षदर्शियों और प्रारंभिक जांच में सामने आई जानकारी के अनुसार, मोहल्ले में भगवती जागरण का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान कुछ बच्चे खुशी में पटाखे चला रहे थे। बताया जा रहा है कि इन्हीं में से एक जलता हुआ पटाखा उड़कर सीधे स्पेयर पार्ट्स फैक्ट्री के अंदर जा गिरा। अंदर रखे सामान ने तुरंत आग पकड़ ली और देखते ही देखते आग की लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। फायर ऑफिसर राजिंदर कुमार ने बताया कि शुरुआत में फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन फैक्ट्री की पहली मंजिल के अंदर स्पेयर पार्ट्स का सामान काफी अधिक मात्रा में होने के कारण आग लगातार भड़क रही थी।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत अतिरिक्त दमकल गाड़ियां मंगवाई गईं। कुल 4 से 5 फायर ब्रिगेड की गाड़ियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।

जानकारी के मुताबिक, आग फैक्ट्री की पहली मंजिल पर पूरी तरह फैल चुकी थी। जांच में सामने आया है कि मालिक ने यह जगह किराए पर लेकर वहां स्पेयर पार्ट्स का सामान स्टोर कर रखा था। फिलहाल इस अग्निकांड में हुए कुल आर्थिक नुकसान का सटीक आकलन नहीं हो पाया है। उधर, घटना की सूचना पाकर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी, जिसने आसपास जमा भीड़ को नियंत्रित कर स्थिति को संभाला। गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार के जानी नुकसान की सूचना नहीं है।