- साढ़े चार साल में पंजाब की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह फेल, मुख्यमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री जवाब दें: प्रताप सिंह बाजवा
- कांग्रेस का चुनावी मैनीफेस्टो पंजाब के हर वर्ग की आकांक्षाओं और जरूरतों का दस्तावेज होगा: डॉ. अमर सिंह
- पंजाब में 10 बड़े गैंगस्टर ऑपरेटर, 500 गैंगस्टर और 750 से 1,000 तक उनके गुर्गों का नेटवर्क सक्रिय
- पंजाब में मान और केजरीवाल ने की लाखों करोड़ों रुपए की लूट, कहां गए माइनिंग की आय से आए करोड़ों रुपए
चंडीगढ़:विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा और चुनाव मैनीफेस्टो कमेटी के चेयरमैन व सांसद डॉ. अमर सिंह ने पंजाब में लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था, सीमा पार से ड्रोन के जरिए आ रहे हथियारों और नशे, गैंगस्टरवाद तथा सरकारी खजाने की कथित लूट को लेकर कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी और भाजपा पर तीखा हमला बोला है। पंजाब कांग्रेस भवन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि पंजाब की सुरक्षा और कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने में दोनों सरकारें पूरी तरह विफल साबित हुई हैं। वहीं, कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि सत्ता में आने के बाद गैंगस्टरवाद और नशे के नेटवर्क को जड़ से समाप्त करना पार्टी की प्राथमिकता होगी।
बाजवा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में जाकर अपनी सरकार की उपलब्धियों का बखान कर रहे हैं और अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के दावे कर रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत है। पंजाब में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद चिंताजनक है। उन्होंने गुरदासपुर के गांव हरदो छन्नी में सीमा पार से आए ड्रोन के जरिए गिराए गए हथियारों के जखीरे का हवाला देते हुए बताया कि खेतों से चार हैंड ग्रेनेड, दो पिस्तौल और 60 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। उन्होंने कहा कि पठानकोट से फाजिल्का तक लगभग 550 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा छह सीमावर्ती जिलों पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर और फाजिल्का में बीएसएफ तथा पंजाब पुलिस की जिम्मेदारी है। इसके बावजूद सीमा पार से हथियारों और नशे की खेप लगातार पंजाब में पहुंच रही है।
बाजवा ने सवाल किया कि एक तरफ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह नक्सलवाद और बड़े गैंगस्टरों के खात्मे के दावे करते हैं, दूसरी तरफ पंजाब में ड्रोन के जरिए खुलेआम हथियार और नशा पहुंच रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी अपना एंटी-ड्रोन सिस्टम लगाने का वादा किया था, लेकिन आज तक इस दिशा में कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया। पहले ड्रोन रात के अंधेरे या तड़के आते थे, लेकिन अब दिनदहाड़े हथियार और नशा गिराए जा रहे हैं। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि ड्रोन के साथ मोबाइल फोन और लोकेशन संबंधी उपकरण भी भेजे जा रहे हैं तथा कथित तौर पर लोगों की छतों तक हथियारों की खेप पहुंचाई जा रही है। उन्होंने पूछा कि पंजाब में पहुंच रहे इन हथियारों और नशे के लिए आखिर जिम्मेदार कौन है?
उन्होंने कहा कि पंजाब में लगभग 10 बड़े गैंगस्टर ऑपरेटर, 500 गैंगस्टर और 750 से 1,000 तक उनके गुर्गों का नेटवर्क सक्रिय होने की जानकारी सामने आ रही है। आज कोई भी व्यक्ति, परिवार या कारोबारी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा। फिरौती, धमकियों और अपराधों के कारण कारोबार प्रभावित हो रहे हैं और राज्य की आर्थिक गतिविधियों को भारी नुकसान पहुंच रहा है। सबसे दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान, जिनके पास गृह विभाग भी है, ने न तो गैंगस्टरवाद और न ही ड्रोन के जरिए हथियारों की तस्करी रोकने के लिए कोई प्रभावी जवाबदेही तय की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री बताएं कि दोनों सुरक्षा एजेंसियां अपनी जिम्मेदारी निभाने में क्यों नाकाम रही हैं और एंटी-ड्रोन तकनीक का प्रभावी इस्तेमाल क्यों नहीं किया जा रहा?
बाजवा ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी और भाजपा एक ही सिक्के के दो पहलू हैं और दोनों ने राजनीतिक लाभ के लिए एक-दूसरे को मजबूत करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि दुनिया में कहीं भी नशे का इतना बड़ा नेटवर्क राजनीतिक संरक्षण, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की मिलीभगत के बिना फल-फूल नहीं सकता। पंजाब में नशे और गैंगस्टरवाद के बढ़ते नेटवर्क के पीछे किसका संरक्षण है, इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर गैंगस्टरवाद और नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए निर्णायक कार्रवाई की जाएगी।
पंजाब की आर्थिक स्थिति पर हमला बोलते हुए बाजवा ने कहा कि कांग्रेस के विरोध और संघर्ष के कारण लैंड पूलिंग पॉलिसी रद्द हुई, जिससे पंजाब की जनता की लगभग सवा लाख करोड़ रुपये की संपत्ति की कथित लूट बचाई जा सकी। उन्होंने माइनिंग के मुद्दे पर भी सरकार को घेरते हुए कहा कि राज्य में लगभग एक लाख करोड़ रुपये के खनन कारोबार के बावजूद पंजाब के खजाने में केवल 1,500 करोड़ रुपये आने का दावा किया जा रहा है। मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने माइनिंग से हर साल 20,000 करोड़ रुपये सरकारी खजाने में लाने का दावा किया था। अब सवाल यह है कि बाकी पैसा कहां गया और किसके पास पहुंचा? उन्होंने आरोप लगाया कि भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के संसाधनों का बेरहमी से दोहन कर राज्य की अर्थव्यवस्था को भारी नुकसान पहुंचाया है।
मैनीफेस्टो कमेटी के चेयरमैन एवं सांसद डॉ. अमर सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जल्द ही पंजाब के लिए अपना चुनावी मैनीफेस्टो जनता के सामने पेश करेगी। उन्होंने बताया कि मैनीफेस्टो कमेटी को अब तक पूरे पंजाब से 500 से अधिक ज्ञापन (मैमोरेंडम) प्राप्त हो चुके हैं। इन सुझावों में समाज के हर वर्ग की समस्याओं, अपेक्षाओं और भविष्य की जरूरतों को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मैनीफेस्टो केवल चुनावी वादों का दस्तावेज नहीं होगा, बल्कि पंजाब को आर्थिक, सामाजिक और प्रशासनिक स्तर पर नई दिशा देने का रोडमैप होगा। पार्टी आम लोगों, किसानों, मजदूरों, युवाओं, व्यापारियों, महिलाओं और समाज के अन्य वर्गों से मिले सुझावों के आधार पर ऐसी नीतियां तैयार करेगी, जो पंजाब के हितों और अधिकारों को सर्वोपरि रखेंगी।
इस मौके पर पंजाब कांग्रेस के सह-प्रभारी रविंदर दलवी भी विशेष रूप से मौजूद रहे।











