- — पुलिस टीमों ने 198 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की
- — लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 के माध्यम से गुप्त रूप से गैंगस्टरों की कर सकते हैं रिपोर्ट
- — ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ के 535वें दिन 1.6 किलोग्राम हेरोइन सहित 63 नशा तस्कर काबू
चंडीगढ़, 18 अगस्त: राज्य में चलाए जा रहे अभियान ‘गैंगस्टरां ते वार’ के 210वें दिन पंजाब पुलिस ने आज राज्यभर में गैंगस्टरों के सहयोगियों के रूप में चिन्हित और मैप किए गए 537 ठिकानों पर छापेमारी की।
उल्लेखनीय है कि ‘गैंगस्टरां ते वार’—पंजाब को गैंगस्टर-मुक्त राज्य बनाने के लिए निर्णायक जंग अभियान की शुरुआत 20 जनवरी, 2026 को पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव द्वारा की गई थी। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें राज्यभर में विशेष अभियान चला रही हैं।
अभियान के 210वें दिन पुलिस टीमों ने सात हथियारों सहित 295 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही अभियान की शुरुआत से अब तक गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की कुल संख्या 61,877 हो गई है।
इसके अलावा, 198 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई है। पुलिस टीमों ने कार्रवाई के दौरान 5 भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है।
लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 के माध्यम से वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों की गुप्त रूप से रिपोर्ट कर सकते हैं तथा अपराध और आपराधिक गतिविधियों संबंधी सूचना भी पुलिस को दे सकते हैं।
इस दौरान पुलिस टीमों ने नशों के खिलाफ अपनी मुहिम ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ को 535वें दिन भी जारी रखते हुए आज 63 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 1.6 किलोग्राम हेरोइन, 299 नशीली गोलियां और 500 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई।
इसके साथ ही केवल 535 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 76,015 हो गई है।
नशा मुक्ति अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने आज 7 व्यक्तियों को नशा मुक्ति एवं पुनर्वास उपचार करवाने के लिए प्रेरित किया।
















