
चंडीगढ़ : हरियाणा में संगठन सृजन में लगी कांग्रेस अब भाजपा की तर्ज पर मंडल अध्यक्षों की नियुक्तियां करने की तैयारी में है। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी संजय सतीशचंद्र दत्त ने प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह से संभावित मंडल अध्यक्षों के नाम मांगे हैं। संभावना है कि इस माह के अंत तक लिस्ट भी जारी कर दी जाएगी।
भाजपा नें हरियाणा में कुल 377 मंडल अध्यक्ष बना रखे हैंं। किसी जिले में पंद्रह मंडल बनाए गए हैं तो किसी में पंद्रह से कम और अधिक भी हैं। पार्टी के कार्यक्रम को सफल बनाने में मंडल अध्यक्ष मुख्य कड़ी के रूप में कार्य कर रहे हैं। संगठन में मजबूत करने में लगी कांग्रेस भी जिलाध्यक्ष और ब्लाक अध्यक्ष बनाने के बाद कई गांवों तथा शहरों की कालोनियों को जोड़कर हर जिले में मंडल बनाने जा रही है। इनकी संख्या 400 के आसपास होगी।
मंडल अध्यक्ष बनाने के बाद पार्टी हर चुनावी बूथ पर बूथ पालक भी बनाएगी। हालांकि अभी पार्टी प्रदेश में सभी ब्लाक अध्यक्ष तक नहीं बना पाई है। एक लिस्ट अभी पार्टी नेताओं तथा जिलाध्यक्षों की आपसी सहमति नहीं होने के चलते जारी नहीं हो सकी है। पार्टी का शीर्ष नेतृत्व चाहता है कि संगठन शहर से लेकर गांव-गांव तक मजबूत हो।
पार्टी नेतृत्व की इच्छा के अनुरूप ही कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी संजय सतीशचंद्र दत्त ने मंडल अध्यक्ष बनवाने की पहल की है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि मंडल अध्यक्षों के नाम पर विचार आरंभ कर दिया गया है।











