Punjabi News

पंजाब के संगरूर में दर्दनाक सड़क हादसा, तेज़ रफ़्तार कार ने मनरेगा के मज़दूरों को कुचला, आठ की मौत

7

पंजाब के संगरूर जिले में लहरागागा-जाखड़ सड़क पर एक तेज़ रफ़्तार कार ने मनरेगा (MGNREGA) के तहत सड़क पर काम कर रहे मज़दूरों को कुचल दिया. इस दर्दनाक हादसे में कम से कम आठ मज़दूरों की मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब सड़क के किनारे कम से कम 25 मज़दूर काम कर रहे थे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, यह समूह सड़क किनारे बैठा था, तभी एक तेज़ रफ़्तार कार ने मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया. अचानक हुई इस घटना से मौके पर चीख-पुकार मच गई।

घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया

रिपोर्टों के मुताबिक, पाँच मज़दूरों की तो मौक़े पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह मरने वालों की कुल संख्या आठ हो गई है। कई अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया है।

मृतकों की पहचान करमजीत कौर, जीवन सिंह, निक्की, सरबजीत कौर, रंजीत कौर, करमजीत, रानी कौर और देशराज के रूप में हुई है। देशराज को छोड़कर, बाकी सभी संगरूर ज़िले के लहरागागा के पास स्थित अलीशेर गाँव के रहने वाले थे; देशराज का पता अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

संगरूर के पुलिस अधीक्षक पलविंदर चीमा ने बताया कि ड्राइवर की पहचान कर ली गई है और उसका पता लगा लिया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही उसकी गिरफ़्तारी हो सकती है।

एसपी पलविंदर सिंह चिम्मा ने बताया कि लहरागागा-जाखल रोड पर बेहद दर्दनाक हादसा हुआ है। तेज रफ्तार गाड़ी ने मनरेगा के तहत काम कर रहे मजदूरों को कुचल दिया। अब तक पांच शव मिलने की जानकारी है. अस्पताल से भी कुछ लोगों की मौत की सूचना मिल रही है, जिसकी पुष्टि की जा रही है।

बताया जा रहा है कि इस घटना में शामिल वाहन पंजाब रजिस्ट्रेशन नंबर वाली एक शेवरले मैग्नम थी। चालक की पहचान रायधराना गांव के रहने वाले परगट सिंह उर्फ ​​काला के रूप में हुई है।

पंजाब के कैबिनेट मंत्री वरिंदर कुमार गोयल ने इस घटना पर दुख जताया है।