ग्रेटर नोएडा से एक दिल दहला देने वाली और बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां रबुपुरा थाना क्षेत्र के नगला श्री पदम गांव में एक परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इनमें पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। शुरुआती जांच में फूड पॉइजनिंग का शक जताया जा रहा है, लेकिन मौत के असल कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
मृतकों की पहचान 37 वर्षीय महेश, उनकी 35 वर्षीय पत्नी ललिता और उनके तीन बच्चों – 11 वर्षीय लड्डू, 7 वर्षीय मिष्टी और 3 वर्षीय साक्षात के रूप में हुई है। शनिवार सुबह इन मौतों का पता चला, जिसके बाद पुलिस को सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिसकर्मी, वरिष्ठ अधिकारी, एम्बुलेंस और खाद्य सुरक्षा विभाग (फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट) की एक टीम मौके पर पहुंच गई।
फील्ड और फॉरेंसिक टीमों ने भी घटनास्थल का मुआयना किया और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक जांचों से मौत के सही कारण का पता चलने की उम्मीद है।
ग्रेटर नोएडा में हुई मौतों के मामले में फूड पॉइजनिंग का शक
पुलिस को मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस मामले में फूड पॉइजनिंग का शक है। पड़ोसियों और महेश की मां ने पुलिस को बताया कि परिवार ने पिछली रात नूडल्स खाए थे।
हालांकि, अभी तक यह साबित नहीं हुआ है कि मौत की वजह नूडल्स ही थे। जांचकर्ता हालात की समीक्षा कर रहे हैं और किसी नतीजे पर पहुंचने से पहले मेडिकल और फोरेंसिक जांच की रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि मौत की असली वजह अभी तक साफ नहीं हो पाई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान मिले अन्य वैज्ञानिक सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मौके पर भारी पुलिस बल मौजूद था और अधिकारी मामले की जांच कर रहे थे। फूड से जुड़ी इस संभावित वजह की जांच में खाद्य सुरक्षा विभाग (फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट) की मदद भी ली जा सकती है। पुलिस द्वारा दी गई शुरुआती जानकारी में, मौत से पहले परिवार की हालत के बारे में कोई और विवरण नहीं मिला है।
ग्रेटर नोएडा के डीसीपी श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि रबुपुरा में हुई एक दुखद घटना में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई, जिनमें पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। डीसीपी के अनुसार, परिवार ने रात करीब 10 बजे खाना खाया था और उसके बाद वे सोने चले गए।
पुलिस, एंबुलेंस सेवाएँ और फोरेंसिक टीमें मौके पर पहुँच गई हैं और वैज्ञानिक तरीके से जाँच कर रही हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल सकेगा। घटना के बाद पड़ोसियों में सन्नाटा और दहशत का माहौल है.


















