
नेताओं और कार्यकर्ताओं में लक्ष्य को लेकर पूरी एकजुटता: बघेल
वेरका और डैनी ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्षों के रूप में पदभार संभाला
शुभम देवगन ने पंजाब यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाला
चंडीगढ़: पंजाब कांग्रेस के प्रभारी और एआईसीसी के महासचिव भूपेश बघेल ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक जंग का बिगुल बजाते हुए, कहा है कि पंजाब में कांग्रेस ही एकमात्र विकल्प है और राज्य के लोग उसी का इंतजार कर रहे हैं।
इस अवसर पर राज्यभर से आए जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए बघेल ने विश्वास जताया कि पार्टी 2027 के विधानसभा चुनावों की लड़ाई के लिए पूरी तरह तैयार है।
उन्होंने जोर देते हुए, कहा कि पंजाब के लोग आम आदमी पार्टी से पूरी तरह निराश हो चुके हैं, क्योंकि उसने न केवल जनता से किए गए वादों से मुकरने का काम किया है, बल्कि पंजाब को आर्थिक दिवालियेपन और कानून-व्यवस्था के गंभीर संकट के मुहाने पर भी लाकर खड़ा कर दिया है।
उन्होंने कहा कि अकाली दल और भाजपा जैसे अन्य विपक्षी दल लोगों की नजर में कहीं नहीं ठहरते और जनता की उम्मीदें केवल कांग्रेस से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि कांग्रेस राज्य के लोगों की उम्मीदों पर खरी उतरे।
बघेल ने कहा कि पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में उद्देश्य और मिशन को लेकर पूरी एकजुटता है। हमारा एकमात्र मिशन 2027 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को दोबारा पंजाब की सत्ता में लाना है। उन्होंने कहा कि पार्टी के हर स्तर पर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह और जोश है।
इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्षों को विशेष संदेश देते हुए, उन्होंने कहा कि वे पार्टी के सबसे महत्वपूर्ण और प्रभावशाली पदों में से एक पर हैं, क्योंकि वे पार्टी और आम जनता के बीच सीधा संपर्क हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला कांग्रेस अध्यक्षों को आगे और अधिक अधिकार तथा जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
उल्लेखनीय है कि बघेल ने सोमवार से पंजाब के अपने पांच दिवसीय दौरे की शुरुआत की है। इस दौरान वह वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ लगातार बैठकें करेंगे।
जबकि आज जिला कांग्रेस अध्यक्षों को संबोधित करने के अलावा, वह उस कार्यक्रम में भी शामिल हुए, जहां सुखविंदर सिंह डैनी और डॉ. राज कुमार वेरका ने पंजाब कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में पदभार संभाला। वह नवनिर्वाचित पंजाब यूथ कांग्रेस अध्यक्ष शुभम देवगन के पदभार ग्रहण समारोह में भी उपस्थित रहे।
इससे पहले बघेल ने कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रताप सिंह बाजवा, चुनाव घोषणा पत्र समिति के अध्यक्ष डॉ. अमर सिंह, चुनाव प्रबंधन एवं समन्वय समिति के अध्यक्ष विजय इंदर सिंगला, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता राणा के.पी. सिंह, चुनाव प्रचार समिति के सह-अध्यक्ष सुखपाल सिंह खैहरा, घोषणा पत्र समिति के सह-अध्यक्ष हरदयाल कंबोज, चुनाव प्रबंधन समिति के सह-अध्यक्ष कुलजीत नागरा, ब्रह्म मोहिंद्रा, बलबीर सिंह सिद्धू, शमशेर सिंह दूलों सहित अन्य नेताओं के साथ बैठक की।
कांग्रेस नेताओं ने बघेल को भरोसा दिलाया कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता 2027 की चुनावी लड़ाई के लिए पूरी तरह तैयार है और कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनावों में भारी बहुमत के साथ जीत हासिल करेगी।
इस अवसर पर पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव (संगठन) कैप्टन संदीप संधू भी उपस्थित थे।












