बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग मामले में कोटा पुलिस ने एक नाबालिग समेत 3 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इनमें से दो हरियाणा और एक बिहार का रहने वाला है। पुलिस का कहना है कि इनमें से दो ने फायरिंग की थी।
टाइगर श्रॉफ पर हमला करने वाले आरोपियों ने करीब सात राउंड फायरिंग की थी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि इनमें से पांच राउंड एक्टर की कार में लगे, जबकि दो चूक गए, जिससे ड्राइवर घायल हो गया। टाइगर की कार पर शाम 7 बजे 3 लोगों ने फायरिंग की थी। इसकी जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग ने ली है। हमले के तुरंत बाद, तीनों हमलावर एक बाइक पर सवार होकर मौके से भाग गए।
टाइगर की कार पर 7 राउंड फायरिंग
रविवार शाम 7 बजे टाइगर की कार जुहू के पुष्पा पार्क पहुंचती है। कार में टाइगर फ्रंट सीट पर बैठे थे और ड्राइवर गाड़ी चला रहा था। इसी दौरान वहां शूटर्स ने फायरिंग शुरू कर दी। शूटर्स ने टाइगर श्रॉफ की कार को निशाना बनाकर 7 राउंड फायरिंग की। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग के दौरान टाइगर का ड्राइवर गोली लगने से घायल हो गया। इसके बाद वह गाड़ी से बाहर निकल आया। ड्राइवर के घायल होने के बाद गाड़ी चलाने की जिम्मेदारी टाइगर ने खुद संभाली।
ड्राइवर के गाड़ी से बाहर निकलने के बाद टाइगर श्रॉफ फ्रंट सीट से ड्राइविंग सीट पर आ गए। उन्होंने खुद गाड़ी का स्टेयरिंग संभाला। एक्टर घायल ड्राइवर को भी कार में लेकर खुद गाड़ी चलाते हुए अस्पताल पहुंचे। वहां उन्होंने ड्राइवर को भर्ती कराया और अपने हाथ की ड्रेसिंग भी करवाई।
बता दे कि एक्टर हर रविवार करीब दो घंटे फुटबॉल खेलने के लिए पुष्पा नरसी पार्क आते हैं। ऐसे में पुलिस को शक है कि हमलावरों ने फायरिंग से पहले टाइगर श्रॉफ की रेकी की थी। पुलिस को आशंका है कि हमलावरों को उनके इस रूटीन की जानकारी थी और वे पार्क के गेट के बाहर उनका इंतजार कर रहे थे। वे पुष्पा पार्क के पास लगभग 45 मिनट तक इंतजार करते रहे, जब तक कि श्रॉफ अपनी BMW कार में वहां नहीं पहुंच गए।
रविवार को जब टाइगर फुटबॉल खेलकर लौट रहे थे, तभी उनकी कार जुहू के पुष्पा नरसी पार्क के पास रुकी। उन्हें देखने के लिए वहां भीड़ जमा थी। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन लोग पहुंचे, उन्होंने गाड़ी की आगे की विंडशील्ड और साइड की खिड़की को निशाना बनाते हुए कुल सात राउंड फायरिंग की। इनमें से पांच गोलियां लगीं, जबकि दो निशाने से चूक गईं। घटना जुहू पुलिस स्टेशन से महज 350 मीटर दूर हुई।
पांचवीं गोली चलाने के बाद, हमलावर ने पैसेंजर-साइड की खिड़की से श्रॉफ पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन पिस्तौल जाम हो जाने के कारण वह नाकाम रहा। बाद में उसने दो और गोलियां चलाने की कोशिश की, लेकिन पिस्तौल में खराबी के कारण ऐसा नहीं हो सका। सूत्रों ने बताया कि इसी वजह से श्रॉफ बहुत करीब से गोली लगने से बच गए।
हमले के बाद, वे एक बाइक पर सवार होकर वहां से भागे और अंधेरी स्टेशन पहुंचे। वहां से वे अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए।
CCTV फुटेज की जांच की जा रही है, 15 टीमें बनाई गई
मुंबई पुलिस ने अलग-अलग रास्तों के CCTV फुटेज इकट्ठा किए हैं और उनकी जांच कर रही है। हमलावरों का पता लगाने के लिए 15 टीमें भी बनाई गई हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई पुलिस कमिश्नर से बात की है और उन्हें हमलावरों को पकड़ने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
फडणवीस ने श्रॉफ से भी बात की और उन्हें पूरी सुरक्षा का भरोसा दिलाया। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी संभावना है कि हमलावर भारत के बाहर से काम कर रहे हों, और इस मामले में राज्य सरकार केंद्र के साथ मिलकर काम करेगी।



















