Punjabi News

शिमला स्कूल संचालिका हत्याकांड : 40 घंटे के भीतर दबोचे गए दोनों शूटर, हरियाणा से हुई गिरफ्तारी, जानें कौन हैं दोनों?

10

Shimla News : हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली में हुए मनीषा मित्तल हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस की विशेष टीमों ने मुस्तैदी दिखाते हुए वारदात के महज 40 घंटों के भीतर 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद कर लिए गए हैं। वहीं, आज दोनों शूटरों को शिमला जिला अदालत में पेश किया जाएगा।

हरियाणा के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
शिमला पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान आशीष अहलावत (22 वर्ष), निवासी झज्जर और दीपक (25 वर्ष), निवासी रोहतक, हरियाणा के रूप में हुई है। आरोपी आशीष के खिलाफ पहले से ही रोहतक के अर्बन एस्टेट पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308 के तहत मामला दर्ज है, जबकि आरोपी दीपक एक हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर पहले से 4 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस जांच और सीसीटीवी व डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण से यह साफ हुआ है कि दोनों शूटर हरियाणा से एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार में सवार होकर शिमला आए थे। पुलिस को चकमा देने के लिए आरोपियों ने हरियाणा नंबर की इस कार पर हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू क्षेत्र का फर्जी पंजीकरण नंबर (HP-10) लगाया हुआ था।

जानें ASP ने क्या कहा?
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) शिमला, अभिषेक धीमान ने बताया कि इस सनसनीखेज हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए कई विशेष टीमों का गठन किया गया था, जिन्होंने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हरियाणा में दबिश देकर सफलता हासिल की। उन्होंने बताया कि मामले की संवेदनशीलता और खतरे को देखते हुए मृतका मनीषा मित्तल की बेटी को सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत पुलिस सुरक्षा मुहैया करवा दी गई है। शूटरों की गिरफ्तारी के बाद अब इस हत्याकांड की मुख्य साजिश रचने वालों का पता लगाया जा रहा है। इसी सिलसिले में पुलिस मृतका के भाई और पति से भी गहन पूछताछ कर रही है। जल्द ही इस कत्ल के पीछे के मुख्य मास्टरमाइंड का पूरी तरह से पर्दाफाश किया जाएगा।