नेशनल डेस्क। पंजाब भाजपा की सियासत और केंद्रीय नेतृत्व के गलियारों से इस वक्त एक बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी (BJP) केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को एक बार फिर राज्यसभा भेजने की बड़ी तैयारी में है। इस फैसले के बाद यह लगभग साफ माना जा रहा है कि वह केंद्र सरकार में अपने मंत्री पद पर लगातार बने रहेंगे।
राजनीतिक सूत्रों के अनुसार जून महीने में देश में होने वाले आगामी राज्यसभा चुनावों के लिए भाजपा रवनीत सिंह बिट्टू को दोबारा अपना उम्मीदवार घोषित कर सकती है। फिलहाल रवनीत बिट्टू केंद्र सरकार में राज्य मंत्री के तौर पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। नियम के मुताबिक मंत्री पद पर बने रहने के लिए तय समय के भीतर संसद के किसी भी सदन (लोकसभा या राज्यसभा) का सदस्य होना जरूरी है। भाजपा नेतृत्व पंजाब में रवनीत बिट्टू की राजनीतिक भूमिका को बेहद महत्वपूर्ण मान रहा है। यही वजह है कि पार्टी उन्हें संसद के उच्च सदन यानी राज्यसभा में बनाए रखने के पूरे पक्ष में है।
सुनील जाखड़ को भी बड़ी कमान मिलने के आसार
इस बड़े राजनीतिक घटनाक्रम के बीच पंजाब भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ को लेकर भी अटकलें काफी तेज हो गई हैं। सूत्रों का दावा है कि भाजपा हाईकमान सुनील जाखड़ को राष्ट्रीय या राज्य संगठनात्मक स्तर पर कोई बहुत बड़ी और नई जिम्मेदारी सौंपने जा रहा है। माना जा रहा है कि पंजाब में पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और आने वाले चुनावों के मद्देनजर जाखड़ की भूमिका बेहद खास होने वाली है।



















