Punjabi News

बंगाल की राजनीति में बड़ा ‘खेला’, BJP नेता के दावे से बंगाल में मचा सियासी भूचाल, 20 सांसद पाला बदलने को तैयार…

9

West Bengal Politics: पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर राजनीति हलचल तेज हो गई है। दरअसल, बीजेपी नेता और सांसद Saumitra Khan ने दावा किया है कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) के करीब 20 सांसद बीजेपी के संपर्क में हैं और पार्टी नेतृत्व की मंजूरी मिलते ही पाला बदल सकते हैं। हालांकि TMC ने इस दावे को पूरी तरह खारिज करते हुए इसे झूठ और अफवाह बताया है।

BJP नेता ने क्या कहा?
तीन बार के लोकसभा सांसद सौमित्र खान ने मीडिया से बातचीत में कहा कि TMC के कई सांसद मौजूदा स्थिति से नाराज हैं और बीजेपी के साथ आने को तैयार बैठे हैं। उन्होंने दावा किया कि अगर बीजेपी नेतृत्व फैसला ले ले, तो आने वाले दिनों में TMC पूरी तरह कमजोर पड़ सकती है। हालांकि उन्होंने किसी भी सांसद का नाम सार्वजनिक नहीं किया।

आंकड़ों का क्या है गणित?
लोकसभा में फिलहाल TMC के 29 सांसद हैं, जबकि बीजेपी के पास पश्चिम बंगाल से 12 सांसद हैं। दलबदल विरोधी कानून के मुताबिक किसी पार्टी के सांसदों को अयोग्यता से बचने के लिए कम से कम दो-तिहाई संख्या में एक साथ पार्टी छोड़नी होती है। यानी TMC के मामले में करीब 19 से 20 सांसदों का एक साथ अलग होना जरूरी होगा। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बीजेपी नेता द्वारा 20 सांसद का जिक्र इसी रणनीति की ओर इशारा करता है।

TMC ने बताया ‘फर्जी दावा’
TMC के वरिष्ठ सांसद Sougata Roy ने बीजेपी के दावे को पूरी तरह गलत बताया। उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ भी नहीं होने वाला और बीजेपी केवल राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश कर रही है।
यह अटकलें ऐसे समय में भी सामने आई हैं, जब TMC के भीतर बेचैनी के संकेत साफ तौर पर दिखाई देने लगे हैं। पिछले कुछ हफ्तों में कई विधायकों, सांसदों और नेताओं ने सार्वजनिक रूप से अपना असंतोष ज़ाहिर किया है, जिससे पार्टी के भीतर बदलते समीकरणों और आंतरिक हलचलों को लेकर चल रही चर्चाओं को और भी तेज़ी मिली है।

बता दें कि 2021 के विधानसभा चुनावों से पहले भी TMC के कई बड़े नेताओं ने BJP का दामन थाम लिया था, लेकिन ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी के दोबारा सत्ता में आने के बाद वे वापस लौट आए थे। लेकिन राजनीतिक जानकारों का कहना है कि इस बार हालात कुछ अलग नज़र आ रहे हैं, क्योंकि TMC के 15 साल के शासन को खत्म करके BJP अब बंगाल की सत्ता में आ चुकी है – जानकारों का मानना ​​है कि इस घटनाक्रम से राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं और नए सिरे से राजनीतिक गठजोड़ बन सकते हैं।