Punjabi News

BYJU’S के फाउंडर बायजू रवींद्रन को 6 महीने की जेल, सिंगापुर अदालत ने लगाया $70,500 जुर्माना, क्या है मामला?

6

बिजनेस डेस्कः एडटेक कंपनी BYJU’S के संस्थापक बायजू रवींद्रन (Byju Raveendran) को सिंगापुर की अदालत से बड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने उन्हें अवमानना के मामले में 6 महीने की जेल की सजा सुनाई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन पर अदालत के कई आदेशों का पालन नहीं करने का आरोप है। कोर्ट ने उन पर 70,500 डॉलर का जुर्माना भी लगाया है। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट में यह दावा किया गया है।

कोर्ट का आदेश
अदालत ने रवींद्रन को सरेंडर करने, जुर्माना भरने और Beeaar Investco Pte की लीगल ओनरशिप से जुड़े दस्तावेज पेश करने का निर्देश दिया है। हालांकि इस फैसले पर रवींद्रन की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि वह फिलहाल सिंगापुर में मौजूद हैं या नहीं।

अब कई देशों में कानूनी लड़ाई
बायजू में दुनियाभर के निवेशकों ने बड़ा निवेश किया था लेकिन कंपनी के वित्तीय संकट के बाद कई निवेशक अपना पैसा वापस मांग रहे हैं। रवींद्रन के खिलाफ अलग-अलग देशों में कानूनी मामले चल रहे हैं। सिंगापुर में यह मामला कतर इनवेस्टमेंट अथॉरिटी की सहयोगी कंपनी कतर होल्डिंग्स द्वारा दायर किया गया है।

कभी भारत के सबसे सफल स्टार्टअप्स में गिनी जाने वाली BYJU’S ने 2015 में शुरुआत की थी। 2019 में कंपनी यूनिकॉर्न बनी और 2022 में इसकी वैल्यू 22 अरब डॉलर तक पहुंच गई थी। हालांकि लगातार वित्तीय और कानूनी संकटों के बाद अब कंपनी की वैल्यू लगभग खत्म हो चुकी है।