Punjabi News

Market Crash Reasons: शेयर बाजार में हाहाकार, निवेशकों के ₹6 लाख करोड़ स्वाहा, Market Crash की जानें क्या है वजहें?

10

बिजनेस डेस्कः घरेलू शेयर बाजार में सोमवार को भारी बिकवाली देखने को मिली। BSE Sensex 1000 अंकों से ज्यादा टूट गया, जबकि Nifty 50 23,900 के नीचे फिसल गया। बाजार में गिरावट की सबसे बड़ी वजह अमेरिका-ईरान तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल रही। इस गिरावट से बीएसई लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप करीब 6 लाख करोड़ रुपए गिरकर 467 लाख करोड़ रुपए रह गया।

सुबह 10:28 बजे सेंसेक्स 1,092 अंक गिरकर 76,236 पर और निफ्टी 308 अंक टूटकर 23,867 पर कारोबार कर रहा था। इंट्रा-डे में सेंसेक्स 76,165 और निफ्टी 23,845 तक फिसल गया।

बाजार में गिरावट की बड़ी वजहें
1. कच्चे तेल में तेज उछाल
अमेरिका और ईरान के बीच शांति प्रस्ताव पर सहमति नहीं बनने से वैश्विक बाजारों में तनाव बढ़ गया। इसके बाद ब्रेंट क्रूड करीब 4% उछलकर 105 डॉलर प्रति बैरल के आसपास पहुंच गया। भारत जैसे बड़े तेल आयातक देश के लिए यह चिंता की बात है क्योंकि इससे महंगाई और चालू खाता घाटा बढ़ सकता है।

2. रुपए पर दबाव
तेल महंगा होने और विदेशी निवेशकों की बिकवाली के चलते भारतीय रुपया भी दबाव में आ गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक RBI को रुपए को संभालने के लिए बाजार में दखल देना पड़ा।
3. गोल्ड और एविएशन शेयरों में भारी गिरावट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विदेशी मुद्रा बचाने के लिए सोने की खरीद और विदेश यात्राएं टालने की अपील की। इसके बाद ज्वैलरी और एविएशन कंपनियों के शेयरों में तेज गिरावट आई। Titan Company, Kalyan Jewellers और InterGlobe Aviation जैसे शेयर दबाव में रहे।

4. विदेशी निवेशकों की बिकवाली
विदेशी निवेशक लगातार भारतीय बाजार से पैसा निकाल रहे हैं। बढ़ते तेल दाम, कमजोर रुपया और वैश्विक तनाव ने निवेशकों की चिंता बढ़ाई है।

5. इंडिया VIX में उछाल
बाजार की घबराहट मापने वाला India VIX करीब 12% बढ़कर 18.82 तक पहुंच गया। इसका मतलब है कि निवेशकों में डर और अनिश्चितता तेजी से बढ़ी है।