डेस्क: हरियाणा पुलिस के बेड़े में वर्षों से एक ही जिले में जमे या अपने गृह जनपद की राह देख रहे कांस्टेबलों के लिए बड़ी अपडेट है। पुलिस मुख्यालय ने अब पारदर्शी तरीके से ऑनलाइन तबादले करने की कवायद तेज कर दी है। इसके लिए बाकायदा जिलावार रिक्तियों की सूची जारी की गई है, ताकि कर्मचारी अपनी पसंद और उपलब्ध सीटों के आधार पर आवेदन कर सकें। विभाग का मानना है कि इस नई व्यवस्था से न केवल सिफारिशी कल्चर पर लगाम लगेगी, बल्कि ड्यूटी में भी पारदर्शिता आएगी।
विभागीय आंकड़ों के मुताबिक, पूरे प्रदेश में फिलहाल 5200 सीटें रिक्त दिखाई गई हैं। हालांकि, रोहतक, चरखी दादरी और हांसी पुलिस जिला ऐसे क्षेत्र हैं जहाँ एक भी पद खाली नहीं है। यानी इन तीन जिलों में ट्रांसफर चाहने वाले जवानों को फिलहाल निराशा हाथ लगेगी। इसके उलट, इंडस्ट्रियल हब फरीदाबाद और सोनीपत में सबसे ज्यादा 600-600 सीटें खाली हैं, जो ट्रांसफर के लिहाज से सबसे बड़े केंद्र बनकर उभरे हैं। वहीं हरियाणा आर्म्ड पुलिस (HAP) में भी 555 पदों पर वैकेंसी दिखाई गई है।
सिर्फ पुराने कर्मचारी ही नहीं, बल्कि हाल ही में पुलिस बल का हिस्सा बने बैच नंबर 91, 92 और 93 के पुरुष व महिला कांस्टेबलों के लिए भी महत्वपूर्ण सूचना है। जिलों के अलॉटमेंट की प्रक्रिया के बाद अब उनके डेटा वेरिफिकेशन का काम भी 22 अप्रैल को संपन्न हो चुका है। तकनीकी दिक्कतों के कारण फरवरी से अटकी यह प्रक्रिया अब अपने अंतिम चरण में है। विभाग अब सॉफ्टवेयर में दर्ज डेटा और अभ्यर्थियों द्वारा दी गई जानकारियों का मिलान कर रहा है ताकि भविष्य में किसी भी तरह की कानूनी या प्रशासनिक अड़चन न आए।
















