ऊना (सुरेंद्र): हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां के मैहतपुर टोल बैरियर पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पंजाब की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार कार अचानक बेरिकेड्स को तोड़ते हुए वहां खड़े कर्मचारियों से जा टकराई। इस पूरी घटना का खौफनाक सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
चंद सैकेंड में मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टोल बैरियर पर सब कुछ सामान्य चल रहा था। तभी पंजाब की ओर से आ रही एक कार के चालक ने अचानक स्टीयरिंग से अपना नियंत्रण खो दिया। पलक झपकते ही बेकाबू कार सीधे बेरिकेड्स को तोड़ती हुई आगे घुसी। रफ्तार इतनी तेज थी कि मौके पर ड्यूटी कर रहे एक टोल कर्मचारी और एक पुलिसकर्मी को संभलने तक का मौका नहीं मिला और वे कार की चपेट में आ गए।
घायलों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे एएसपी
हादसे के तुरंत बाद वहां हड़कंप मच गया। आनन-फानन में घायल पुलिस कर्मी और टोल कर्मचारी को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन भी एक्शन में आ गया। एडिशनल एसपी सुरेंद्र शर्मा खुद घायलों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे। सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि इस भयंकर टक्कर के बावजूद दोनों कर्मचारियों को गंभीर चोटें नहीं आईं और फिलहाल उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
घायलाें ने कार चालक के खिलाफ कार्रवाई से किया इंकार
वहीं जानकारी मिली है कि हादसे का शिकार हुए टोल कर्मचारी और पुलिसकर्मी दोनों ने कार चालक के खिलाफ किसी भी तरह की व्यक्तिगत कानूनी कार्रवाई करवाने से साफ मना कर दिया है। भले ही घायलों ने शिकायत से इन्कार कर दिया हो, लेकिन पुलिस ने इस लापरवाही को गंभीरता से लिया और अपने स्तर पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
















