– धान के आगामी सीजन की तैयारी अभी से शुरू करने के दिए निर्देश
– मेरी रसोई योजना के तहत अब तक 4.50 लाख फूड किटें वितरित की जा चुकी हैं: लाल चंद कटारूचक्क
– प्रतिदिन वितरण किया जा रहा है 50,000 किटों का
चंडीगढ़:प्रदेश के गरीब वर्ग को पौष्टिक भोजन प्रदान करने से संबंधित पंजाब सरकार की महत्वपूर्ण ‘मेरी रसोई योजना’ के तहत अब तक 4.50 लाख फूड किटें वितरित की जा चुकी हैं, जो इस योजना की सफलता का प्रत्यक्ष प्रमाण है। इस योजना के तहत प्रदेश के 40 लाख गरीब परिवारों को ऐसी किटें प्रदान की जा रही हैं।
आज यहां एक बैठक के दौरान यह जानकारी देते हुए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री श्री लाल चंद कटारूचक्क ने कहा कि प्रत्येक किट में मासिक खपत के लिए दो किलो दाल, दो किलो चीनी, एक किलो नमक, 200 ग्राम हल्दी पाउडर और एक लीटर सरसों का तेल शामिल है। ये फूड किटें राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत पात्र लाभार्थियों को पहले से वितरित किए जा रहे गेहूं के अतिरिक्त प्रदान की जा रही हैं।
मंत्री ने आगे कहा कि पात्र लाभार्थियों को प्रतिदिन 50,000 ऐसी फूड किटें वितरित की जा रही हैं।
बैठक के दौरान, मंत्री ने संपन्न गेहूं खरीद सीजन की सफलता के लिए विभाग की प्रशंसा भी की और इस शानदार सफलता का श्रेय मंडियों में मजबूत बुनियादी ढांचे को दिया।
मंत्री ने विभाग के अधिकारियों को गेहूं खरीद सीजन की तरह ही धान के आगामी खरीद सीजन को सफल बनाने के लिए अग्रिम तैयारी शुरू करने को कहा।
इस अवसर पर अन्य के अलावा प्रमुख सचिव राहुल तिवारी, अतिरिक्त सचिव कमल कुमार गर्ग, अतिरिक्त निदेशक डॉ. अंजुमन भास्कर और अजयवीर सिंह सराओ, तथा जीएम (वित्त) सरवेश कुमार शामिल थे।
—













