पंजाबी संगीत जगत की मशहूर सिंगर सुनंदा शर्मा के साथ लंदन में एक अजीबोगरीब घटना घटी है। शुक्रवार सुबह की घटना में कुछ अज्ञात लोगों ने लंदन में खड़ी उनकी जगुआर कार का पिछला शीशा तोड़ दिया। बदमाशों ने कार से एक कीमती सूटकेस और दो लग्जरी ब्रांड LV के बैग चुरा लिए। सुनंदा ने इस पूरे मामले को अपने सोशल मीडिया पर शेयर किया और अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर इस पूरे मामले को दुनिया के सामने लाया।
सुनंदा शर्मा ने वीडियो में बताया कि वह किसी काम से लंदन आई थीं और यह घटना उनके लिए बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि जो बैग चोरी हुए हैं, वह उन्होंने अपनी मेहनत की कमाई से खरीदे थे और उनसे उनका निजी लगाव भी था। उन्होंने कहा कि कार को भी काफी नुकसान पहुंचा है।
सुनंदा शर्मा इससे पहले भी चर्चा में आई थीं, जब उनके और पंजाबी म्यूजिक प्रोड्यूसर पिंकी धालीवाल के बीच झगड़ा हुआ था। हालांकि, अब उस मामले में भी अहम मोड़ आ गया है। पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने उस मामले में सुनंदा द्वारा दर्ज की गई एफआईआर को रद्द कर दिया है क्योंकि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है। सुनंदा शर्मा गुरदासपुर जिले के फतेहगढ़ चूड़ियां गांव की रहने वाली हैं। उन्होंने ‘बिली अख’ गाने से अपने संगीत करियर की शुरुआत की और 2018 में आई फिल्म ‘सज्जन सिंह रंगरूट’ के जरिए फिल्म इंडस्ट्री में भी आईं। इस फिल्म में उन्होंने मुख्य अभिनेत्री की भूमिका निभाई और दिलजीत दोसांझ, योगराज सिंह के साथ स्क्रीन शेयर की।
















