Punjabi News

Vaishno Devi Accident: वैष्णो देवी से लौटते समय बड़ा हादसा, कार में आग लगने से 5 लोगों की जिंदा जलकर मौत

7

Vaishno Devi Accident: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर एक बड़े सड़क हादसे की खबर सामने आई। गैस का रिसाव होने से कार में भयंकर आग लग गई जिससे अंदर बैठे 5 लोग जिंदा जल गए। राजस्थान के अलवर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र के मौजपुर के पास एक चलती कार अचानक आग की चपेट में आ गई और देखते ही देखते पूरी तरह जलकर खाक हो गई। इस दर्दनाक हादसे में कार में सवार पांच लोगों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, सभी मृतक मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के रहने वाले थे और हाल ही में वैष्णो देवी के दर्शन करके वापस अपने घर लौट रहे थे। परिवार ने यात्रा के लिए एक टैक्सी बुक की थी। यात्रा पूरी करने के बाद जब वे वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। चश्मदीद और शुरुआती जांच के मुताबिक, जैसे ही कार एक्सप्रेसवे से गुजर रही थी, उसमें अचानक आग लग गई।
बताया जा रहा है कि वाहन CNG-पेट्रोल दोनों से चलने वाला था और गैस रिसाव के कारण आग भड़की। आग इतनी तेजी से फैली कि कार में बैठे लोगों को बाहर निकलने का कोई मौका नहीं मिला। मृतकों में तीन महिलाएं, एक नाबालिग लड़की और एक पुरुष शामिल है। मृतकों की पहचान संतोष, उनकी पत्नी शशि, उनकी मां पार्वती, बेटी रागिनी और साक्षी के रूप में हुई है। ये सभी मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के चैनपुरा के निवासी थे। उन्होंने बताया, ”वाहन से केवल कंकाल बरामद हुए हैं। उनकी पहचान के लिए डीएनए परीक्षण किए जाएंगे।” कार चालक विनोद कुमार वाहन से कूदने में कामयाब रहा, लेकिन वह लगभग 80 प्रतिशत झुलस गया। अधिकारियों ने बताया कि उसे पहले पास के एक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था। वाहन पूरी तरह जल चुका था और शव इतनी बुरी तरह झुलस चुके हैं कि उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया है। पुलिस ने पहचान के लिए डीएनए जांच कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

 

फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा सके। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। यह हादसा इतना भयावह था कि आसपास मौजूद लोग भी दहशत में आ गए। कुछ ही मिनटों में पूरी गाड़ी आग का गोला बनकर राख में बदल गई।