Vadodara Accident : गुजरात के वडोदरा में आज सुबह-सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। वडोदरा-हालोल राजमार्ग पर एक तेज रफ्तार लग्जरी बस ने सड़क किनारे खड़े ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी भयानक थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया। इस दर्दनाक हादसे में 6 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 20 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हैं। बताया जा रहा है कि बस में सवार अधिकांश लोग राजस्थान के रहने वाले थे जो गुजरात के सूरत जा रहे थे।
चीख-पुकार में बदली यात्रियों की नींद
वडोदरा जिला पुलिस अधीक्षक (SP) सुशील अग्रवाल ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद हादसे के क्रम की पूरी जानकारी दी। हाईवे पर कोटंबी गांव के पास एक ट्रक सड़क किनारे खड़ा था। ट्रक का ड्राइवर नीचे उतरकर गाड़ी के टायरों में हवा का दबाव (Pressure) चेक कर रहा था।
इसी दौरान राजस्थान की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार लग्जरी बस के ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और बस सीधे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से (Rear End) में जा घुसी। सुबह का वक्त होने के कारण ज्यादातर यात्री गहरी नींद में थे और उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला।
हादसे की सूचना मिलते ही जारोद पुलिस स्टेशन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची लेकिन बस की हालत देखकर तुरंत अतिरिक्त मदद बुलाई गई। बस का अगला हिस्सा ट्रक के भीतर इस कदर फंस चुका था कि घायलों को बाहर निकालना नामुमकिन लग रहा था। इसके बाद राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीमों को आपातकालीन कटर और उपकरणों के साथ मौके पर बुलाया गया।
वहीं एनडीआरएफ और पुलिस के जवानों ने गैस कटर की मदद से बस के मलबे को काटा और भीतर फंसे घायल यात्रियों तथा मृतकों के शवों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तुरंत पास के सरकारी और निजी अस्पतालों में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।



















