
- कहा: अपनी डूबती नाव को बचाने के लिए मुख्यमंत्री झूठ बोल रहे
- कांग्रेस शासित राज्यों में अधिक नकद सहायता दिए जाने की याद दिलाई
- कहा: मुफ्त बिजली और बिजली बिलों के बकाए माफ करने की शुरुआत कांग्रेस ने ही की थी
चंडीगढ़ : पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के उस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया कि कांग्रेस की सरकार बनने के बाद पंजाब में चल रही सभी मुफ्त योजनाएं बंद कर दी जाएंगी।
वह आज होशियारपुर में एक जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा किए गए दावों पर प्रतिक्रिया दे रहे थे।
इस क्रम में, मुख्यमंत्री के सरासर झूठ की निंदा करते हुए, वड़िंग ने कहा कि न तो मान और न ही उनकी सरकार मुफ्त योजनाएं शुरू करने वाली पहली सरकार है। उन्होंने कहा कि मान से पहले कांग्रेस सरकार ने ही 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने की योजना शुरू की थी और लोगों के बिजली बिलों के सभी बकाए भी माफ किए थे।
उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि आपने तो केवल हमारी योजना को नए रूप में पेश किया है और अब लोगों में यह डर फैला रहे हैं कि कांग्रेस सत्ता में आकर इन योजनाओं को बंद कर देगी। उन्होंने कहा कि यह आम तौर पर समझ की बात है कि जिन योजनाओं की शुरुआत हमने आपकी सरकार से काफी पहले की थी, हमारी सरकार उन्हें क्यों बंद करेगी?
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को यह भी याद दिलाया कि कांग्रेस ने तेलंगाना और कर्नाटक में सरकार बनने के कुछ ही महीनों के भीतर महिलाओं को हर महीने नकद सहायता देना शुरू कर दिया था, जबकि आपने साढ़े चार वर्षों तक अपना वादा पूरा नहीं करके पंजाब की माताओं और बहनों के साथ धोखा किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासित राज्यों में हर महीने 2,000 रुपये और 2,500 रुपये की सहायता दी जा रही है, जो आम आदमी पार्टी द्वारा अपने कार्यकाल के अंतिम चरण में शुरू की गई सहायता से कहीं अधिक है।
वड़िंग ने कहा कि मान का झूठ बोलना कोई नई या हैरानी वाली बात नहीं है, क्योंकि आम आदमी पार्टी की राजनीति ही झूठ पर आधारित है। उन्होंने कहा कि मान अपनी डूबती नाव को बचाने के लिए झूठ बोल रहे हैं। लेकिन वह चाहे कितना भी झूठ बोल लें, यह नाव अब डूबकर ही रहेगी।













