Punjabi News

वड़िंग ने 1500 करोड़ रुपये का और कर्ज लेने पर आप सरकार को घेरा चेतावनी: आप पंजाब को दिवालिया छोड़कर जाएगी

10

चंडीगढ़ : पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा 1500 करोड़ रुपये का एक और कर्ज लेने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए, कहा है कि इससे पंजाब को दिवालियापन की ओर धकेला जा रहा है। राज्य को लगातार कर्ज के बोझ तले दबाया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आम आदमी पार्टी अगली सरकार के लिए एक दिवालिया पंजाब छोड़कर जाएगी।

वड़िंग ने कहा कि पंजाब पर कर्ज पहले ही लगभग 4.5 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है और इसके बावजूद आप सरकार, अपना कार्यकाल समाप्ति की ओर होने के बावजूद, लगातार और अनावश्यक कर्ज ले रही है। वह अगली सरकार के लिए भारी वित्तीय देनदारियां छोड़कर जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस कर्ज को चुकाने में पंजाब को कई पीढ़ियां लग सकती हैं। लेकिन दुखद बात यह है कि यह कर्ज किसी उत्पादक या विकास संबंधी कार्य के लिए नहीं, बल्कि आप सरकार की फिजूलखर्ची को पूरा करने के लिए लिया जा रहा है।

वड़िंग ने हाल ही में पंजाब सरकार द्वारा जारी गजट अधिसूचनाओं का हवाला देते हुए, कहा कि राज्य सरकार 1500 करोड़ रुपये का कर्ज जुटाने के लिए अपनी सिक्योरिटीज बेच रही है।

उन्होंने कहा कि पिछले अनुभवों के मद्देनजर यह स्पष्ट है कि इस कर्ज की राशि भी गैर-उत्पादक कार्यों, जैसे अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए बेतहाशा प्रचार पर खर्च की जाएगी, जिसकी इस समय आप सरकार को सबसे अधिक जरूरत महसूस हो रही है।