Punjabi News

यमुनानगर में यूरिया खाद की अवैध सप्लाई, पकड़े 3 संदिग्ध ट्रक, लदे थे यूरिया के करीब 2200 बैग

214

यमुनानगर (परवेज खान) : यमुनानगर जिले के आहलूवाला गांव में यूरिया खाद की अवैध सप्लाई का बड़ा खेल पकड़ा गया है। यूरिया से भरे तीन संदिग्ध ट्रक पकड़े गए हैं, जिनमें करीब 2200 बैग यूरिया खाद लदी हुई थी। सूचना मिलते ही मौके पर जीएसटी विभाग, सेल टैक्स, कृषि विभाग और पुलिस की संयुक्त टीमें पहुंच गईं। ट्रकों को कब्जे में लेकर गहन जांच शुरू कर दी गई है। सबसे गंभीर आरोप किसानों की तरफ से सामने आया है।

किसानों का कहना है कि यह कृषि उपयोग वाला यूरिया था, जिसे अवैध तरीके से फैक्ट्री में सप्लाई किया जा रहा था। अगर यह आरोप सही साबित होते हैं, तो यह किसानों के हक पर सीधा डाका माना जाएगा। जांच के दौरान ई-वे बिल की टाइमिंग में भी गड़बड़ी पाई गई है। दस्तावेजों में दर्ज समय और ट्रकों की वास्तविक मूवमेंट में बड़ा अंतर सामने आया है, जिससे शक और गहरा गया है।

कृषि विभाग के आदित्य डबास ने कहा कि ट्रांसपोर्ट कंपनी को नोटिस जारी कर दिया है। उनका कहना है कि जब तक ट्रांसपोर्ट कंपनी की तरफ से संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता, तब तक पकड़ा गया यूरिया बिल्कुल भी बाजार में नहीं बेचा जाएगा। कृषि विभाग का कहना है कि अगर यह साबित हुआ कि यूरिया को गैर-कृषि उपयोग में भेजा जा रहा था, तो संबंधित लोगों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पकड़े गए खाद की हर एंगल से जांच जारी है। यह मामला सिर्फ यूरिया की तस्करी का नहीं, बल्कि किसानों के हक, खाद की किल्लत और कालाबाजारी से जुड़ा हुआ है।
# Yamunanagar news# Illegal supply# urea fertilizer in Yamunanagar# 3 Trucks seized# haryana news