जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में, सेना ने एक सर्च ऑपरेशन के दौरान 7 संदिग्ध IED और 7.62 मिमी लाइट मशीन गन (LMG) की मैगजीन बरामद की। रक्षा सूत्रों के अनुसार, खुफिया जानकारी मिलने के बाद 156 टेरिटोरियल आर्मी और 37 राष्ट्रीय राइफल्स ने कसबलारी गांव के पास यह सर्च ऑपरेशन चलाया।
ऑपरेशन के दौरान, भूरे टेप से लिपटे 6 कंटेनर, नीले टेप से लिपटा 1 कंटेनर और एक संदिग्ध मैगजीन कंटेनर मिला। इसके अलावा, एक काला बैग, एक कॉम्बैट पाउच, एक पावर एडाप्टर, एक पावर सोर्स, एक एल्युमिनियम कंटेनर और एक टिफिन कैरियर भी बरामद किया गया।
वहीं, बारामूला में सुरक्षा बलों ने 22 अक्टूबर को 2 संदिग्ध आतंकी मददगारों को गिरफ्तार किया था। उनके पास से तुर्की में बनी कनिक पिस्टल, 10 कारतूस वाली एक मैगजीन और 2 IED बरामद किए गए। पिछले 60 दिनों में आतंकवादियों के कुल 18 सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया है।




















