Prashant Kishor: जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा (Upendra Kushwaha) के जनता दल यूनाईटेड (JDU) नेतृत्व परिवर्तन की मांग पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यदि कुशवाहा को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व पर भरोसा नहीं है, तो वह राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) जल्द से जल्द छोड़ दें।
“जल्द से जल्द राजग छोड़ देना बेहतर होगा”
प्रशांत किशोर ने सीवान जिले में अपनी बिहार बदलाव यात्रा के दौरान कहा कि उपेंद्र कुशवाहा ने जदयू का नेतृत्व बदलने की मांग की थी। उन्होंने कहा कि इसका मतलब है कि उपेंद्र कुशवाहा को नीतीश कुमार के नेतृत्व पर भरोसा नहीं है और ऐसी स्थिति में उनके लिए जल्द से जल्द राजग छोड़ देना बेहतर होगा।
जन सुराज नेता ने कहा, नीतीश के नेतृत्व में कुशवाहा विधान परिषद सदस्य और बिहार में राजग सरकार में मंत्री भी रहे, लेकिन अब वह उन्हीं के नेतृत्व पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुशवाहा को नीतीश कुमार के समर्थन से राज्यसभा भेजा गया था। उन्होंने आश्चर्य जताया कि यह कैसे संभव है कि नीतीश कुमार से लाभ लेने के बाद कुशवाहा उनके नेतृत्व पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लाभ लेना और नीतीश कुमार के नेतृत्व को स्वीकार भी नहीं करना दोनों एक साथ नहीं चल सकता।









