कहा: ‘शुक्राना यात्रा’ आप की अपनी वाह-वाही लूटने के लिए नाटकबाजी
चंडीगढ़: पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की ‘शुक्राना यात्रा’ को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर तंज कसते हुए, कहा है कि आप को वास्तव में पंजाब को बर्बाद करने, खासकर नशों और गैंगस्टर कल्चर के जरिए पंजाब के युवाओं को तबाह करने के लिए “पश्चाताप यात्रा” निकालनी चाहिए।
इस दौरान मुख्यमंत्री की ‘शुक्राना यात्रा’ पर प्रतिक्रिया देते हुए, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जहां आप को पंजाब के लोगों द्वारा भारी बहुमत देने के लिए उनका धन्यवाद करना चाहिए, वहीं उसे इस बात के लिए “आत्ममंथन और माफी” भी मांगनी चाहिए कि उसने पंजाब के लोगों के साथ विश्वासघात किया और उनकी उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी है।
उन्होंने जोर देते हुए, कहा कि ‘शुक्राना यात्रा’ आप की अपनी वाह-वाही लूटने के लिए की जा रही एक नाटकबाजी है, जिसके जरिए वह कुछ न करके भी श्रेय लेना चाहती है। उन्होंने कहा कि आप यह दिखाना चाहती है मानो सख्त बेअदबी विरोधी कानून बनाने वाली वह पहली सरकार हो।
उन्होंने कहा कि आप से पहले की विभिन्न सरकारें पहले ही बेअदबी के खिलाफ सख्त कानून बना चुकी हैं और आप ने केवल पुराने कानून को नए रूप में पेश करके अब उसका श्रेय लेने की कोशिश की है।
वड़िंग ने कहा कि आप को तुरंत पूरे पंजाब में एक यात्रा निकालनी चाहिए और उसका नाम “पश्चाताप यात्रा” रखना चाहिए, क्योंकि उसने पंजाबियों के साथ धोखा किया है और राज्य में नशे तथा गैंगस्टर कल्चर को फलने-फूलने दिया है। शायद पंजाब के लोग आपको माफ कर दें।
उन्होंने कहा कि लोगों को आपकी ‘शुक्राना यात्राओं’ की जरूरत नहीं है, वे जानना चाहते हैं कि आपने इन वर्षों के दौरान झूठे वादे दोहराने और गलत दावे करने के अलावा क्या किया है। उन्होंने कहा कि अब वह समय आ गया है, जब आप को पंजाबियों के सवालों के जवाब देने पड़ेंगे।










