➖ गुरु रविदास जी का ‘बेगमपुरा’ दर्शन ही ‘सबका साथ, सबका विकास’ की प्रेरणा: केवल सिंह ढिल्लों
➖ गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित पवित्र कलश यात्रा का पंजाब में भव्य स्वागत, ढिल्लों ने श्रद्धापूर्वक किया अभिनंदन
➖ गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को घर-घर तक पहुँचाने के लिए ‘समरसता संकल्प अभियान’ को जन आंदोलन बनाने का आह्वान
चंडीगढ़, 1 अगस्त: संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘समरसता संकल्प अभियान’ के अंतर्गत उनकी जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) से लाई गई पवित्र मिट्टी की कलश यात्रा के पंजाब पहुँचने पर श्रद्धा एवं उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया गया। लालड़ू में भाजपा पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने पवित्र कलश को शीश नवाकर ग्रहण किया।
इसके बाद चंडीगढ़ स्थित आर्य समाज मंदिर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में विभिन्न जिला अध्यक्षों को पवित्र मिट्टी के कलश सौंपे गए, जिनके माध्यम से यह यात्रा पूरे प्रदेश में आगे बढ़ेगी। समारोह के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्त गुरु रविदास जी की दिव्य वाणी पर आधारित मधुर कीर्तन का भी श्रवण किया।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘सबका साथ, सबका विकास’ का संकल्प गुरु रविदास जी के ‘बेगमपुरा’ के दर्शन से प्रेरित है। उन्होंने भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं से इस पवित्र यात्रा को जनभागीदारी के माध्यम से एक व्यापक जन आंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया।
ढिल्लों ने कहा कि आज का दिन पंजाब के लिए अत्यंत ऐतिहासिक और भावनात्मक है। गुरु रविदास जी की जन्मभूमि की पवित्र मिट्टी के पंजाब आगमन से ऐसा प्रतीत होता है मानो स्वयं गुरु साहिब अपनी कृपा और आशीर्वाद प्रदान करने पंजाब पधारे हों। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी गुरु रविदास जी के प्रति अटूट श्रद्धा और सम्मान का भाव रखती है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने गुरु रविदास जी के जन्मस्थान सीर गोवर्धनपुर का व्यापक विकास कराया है। वहाँ आधुनिक लंगर हॉल, भव्य संग्रहालय तथा गुरु जी की दिव्य प्रतिमा की स्थापना की गई है, जो उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। इसके साथ ही आदमपुर हवाई अड्डे का नाम गुरु रविदास जी के नाम पर रखना, संत निरंजन दास जी को पद्मश्री से सम्मानित करना तथा जालंधर से वाराणसी तक श्रद्धालुओं के लिए विशेष एक्सप्रेस रेल सेवा शुरू करना भी केंद्र सरकार की श्रद्धा का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी में गुरु रविदास जी की अमृतवाणी को स्थान देकर गुरु साहिबानों ने पंजाब और गुरु रविदास जी के बीच एक अटूट आध्यात्मिक संबंध स्थापित किया है, जो सदियों से समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दे रहा है।
केवल सिंह ढिल्लों ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तथा पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गुरु पूर्णिमा से माघ पूर्णिमा तक चलने वाला यह राष्ट्रव्यापी अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को घर-घर तक पहुँचाने का राष्ट्रीय अभियान है।
उन्होंने भाजपा पंजाब के सभी नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संत-महापुरुषों, धार्मिक संस्थाओं, युवाओं तथा महिलाओं को इस अभियान से जोड़कर इसे जन आंदोलन और सेवा मिशन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज में समरसता, एकता और भाईचारे को मजबूत करना ही गुरु रविदास जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
समारोह के अंत में केवल सिंह ढिल्लों ने कलश यात्रा के सफल आयोजन के लिए गठित समिति के पदाधिकारियों को सम्मानित भी किया। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।















