कहा, यह किसानों, छोटे व्यापारियों और आम लोगों के लिए बहुत फायदेमंद पहल
चंडीगढ़ :भारतीय जनता पार्टी पंजाब के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने केंद्र सरकार द्वारा लाए गए नए जीएसटी सुधारों को किसानों और आम लोगों के लिए तोहफा करार दिया है।
आज यहां जारी बयान में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में जीएसटी काउंसिल ने कृषि क्षेत्र को भी बड़ी राहत दी है, जिसकी इस समय बहुत जरूरत थी। अब ट्रैक्टरों, कृषि मशीनरी, हार्वेस्टर, थ्रेशर और अन्य कृषि यंत्रों पर कर दरों में बड़ी कटौती की गई है। इससे किसानों के खर्चे कम होंगे, कृषि उत्पादन सस्ता होगा और पंजाब की किसान-आधारित अर्थव्यवस्था को नई ताकत मिलेगी।
सुनील जाखड़ ने कहा कि नए सुधारों के तहत 28% और 12% के स्लैब समाप्त कर दिए गए हैं। अब केवल दो स्लैब – 5% और 18% ही रहेंगे। दूध, आटा जैसी आवश्यक वस्तुओं पर जीएसटी पूरी तरह से खत्म कर दिया गया है, जबकि आम उपयोग की कई वस्तुओं पर कर को 5% तक कम कर दिया गया है। जीवन बीमा और स्वास्थ्य बीमा पर भी जीएसटी खत्म करना लोगों की सुरक्षा की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।
उन्होंने कहा कि यह फैसला न केवल किसानों और कृषि-आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगा, बल्कि आम जनता और छोटे व्यापारियों के लिए भी बड़ी राहत साबित होगा।
सुनील जाखड़ ने विशेष रूप से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण का इस फैसले के लिए तहेदिल से धन्यवाद किया और कहा कि ये सुधार हर नागरिक का जीवन बेहतर बनाने की दिशा में केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं।


















