Punjabi News

भूकंप के जोरदार झटकों से हिली धरती, डरे सहमे लोग घरों से बाहर भागे

175

नेशनल डेस्क: तुर्की के उत्तर-पश्चिमी कुताह्या प्रांत में रविवार दोपहर धरती अचानक कांप उठी। रिक्टर स्केल पर 5.4 की तीव्रता दर्ज इस भूकंप से लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन झटकों की तीव्रता ने लोगों की धड़कनें तेज़ कर दीं।

आपातकालीन एजेंसी एएफएडी के मुताबिक, भूकंप का केंद्र सिमाव शहर के पास 8 किलोमीटर गहराई में था। यह झटका स्थानीय समयानुसार 12:59 बजे महसूस किया गया। इसके कुछ देर बाद 4.0 तीव्रता का आफ्टरशॉक भी आया।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस भूकंप के झटके तुर्की के सबसे बड़े शहर इस्तांबुल तक महसूस किए गए, जो केंद्र से करीब 100 किलोमीटर दूर है। टीवी फुटेज में कुताह्या के लोग खुले मैदानों और पार्कों में शरण लेते दिखाई दिए।

यह इलाका पहले भी भूकंप की मार झेल चुका है। अगस्त में पड़ोसी प्रांत बालिकेसिर में 6.1 की तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। वहीं, फरवरी 2023 का 7.8 तीव्रता वाला भूकंप अब भी लोगों की यादों में ताज़ा है, जिसने तुर्की और सीरिया में 59,000 से अधिक जानें ले ली थीं।