Punjabi News

Rupee Falls: डॉलर के आगे फिर फिसला रुपया, गिरावट के पीछे क्या है वजह?

6

मुंबईः रुपया बुधवार को 16 पैसे की गिरावट के साथ 96.32 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से घरेलू मुद्रा पर दबाव है। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख और डॉलर के कमजोर होने से रुपये में गिरावट सीमित रही। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 96.12 प्रति डॉलर पर खुला।

कारोबार के दौरान यह 96.04 से 96.32 प्रति डॉलर के दायरे में रहा। अंत में यह 96.32 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा जो पिछले बंद भाव की तुलना में 16 पैसे की गिरावट है। रुपया मंगलवार को 48 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 96.16 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

फिनरेक्स ट्रेजरी एडवाइजर्स एलएलपी के कोष प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार भंसाली ने कहा, ”कच्चे तेल की ऊंची कीमतें भारत की आयात लागत और अमेरिकी डॉलर की मांग बढ़ाकर रुपए में मजबूती की गुंजाइश सीमित कर रही हैं। विकल्प बाजार की कीमतों से अब भी रुपए को लेकर कमजोर धारणा झलक रही है। इससे संकेत मिलता है कि कारोबारी भू-राजनीतिक जोखिमों और तेल कीमतों में और वृद्धि होने पर रुपए पर फिर दबाव बढ़ने की आशंका को लेकर चिंतित हैं।” उन्होंने कहा कि निकट अवधि में रुपया 95.80 से 96.50 प्रति डॉलर के दायरे में रह सकता है। आने वाले दिनों में विदेशी पूंजी प्रवाह बढ़ने पर यह 95 प्रति डॉलर के स्तर की ओर मजबूत हो सकता है।

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ 100.78 पर रहा। घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स 130.49 अंक या 0.17 प्रतिशत चढ़कर 77,185.43 अंक पर जबकि निफ्टी 26.45 अंक या 0.11 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,078.50 अंक पर रहा। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.47 प्रतिशत की बढ़त के साथ 85.13 डॉलर प्रति बैरल पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 739.69 करोड़ रुपए के शेयर बेचे।