* कहा, आप सरकार के पास गुजरात और गोवा में पैसा खर्च करने के लिए है, लेकिन पंजाब के कर्मचारियों के लिए नहीं
* भगवंत मान को पुरानी पेंशन योजना बहाल करने का वादा याद दिलाया
चंडीगढ़: पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने आज राज्य सरकार के उन कर्मचारियों पर पुलिस द्वारा की गई ज्यादती की निंदा की, जो अपना बकाया ‘महंगाई भत्ता’ लेने की मांग कर रहे हैं।
विरोध कर रहे कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए वड़िंग ने कहा कि डी.ऐ. कर्मचारियों का हक है। उन्हें यह मिलना ही चाहिए और आप सरकार इसकी राशि देने के लिए जिम्मेदार है।
पी.सी.सी. अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने न केवल कर्मचारियों से किया अपना वादा तोड़ा है, बल्कि उनकी मांगों को लेकर उन पर पुलिस की ताकत का इस्तेमाल भी किया है।
उन्होंने पूछा कि अगर आप सरकार के पास गुजरात और गोवा में चुनाव प्रचार पर पंजाब का कीमती पैसा खर्च करने के लिए है, तो अपने ही कर्मचारियों के लिए पैसा क्यों नहीं है? सरकार कर्मचारियों के लंबे समय से बकाया डी.ऐ. की किस्तें क्यों नहीं दे सकती?
आप सरकार की नीयत पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार डी.ऐ. के भुगतान को लेकर हाई कोर्ट के आदेशों का भी विरोध कर रही है और इस मामले को सुप्रीम कोर्ट में ले गई है। उन्होंने कहा कि यह बहुत ही अजीब बात है कि सरकार न केवल अपने कर्मचारियों के हक का पैसा देने से इनकार कर रही है, बल्कि अदालत में भी उनके खिलाफ खड़ी है।
उन्होंने सवाल किया, “कौन सी सरकार अपने ही कर्मचारियों का विरोध करती है, वह भी उस समय जब उनकी मांग जायज है?”
कर्मचारियों के प्रति अपनी एकजुटता जताते हुए वड़िंग ने कहा कि कांग्रेस कर्मचारियों को उनका हक दिलाने के लिए अपनी पूरी ताकत और संसाधनों का इस्तेमाल करेगी।
उन्होंने पंजाब में पुरानी पेंशन योजना बहाल करने के मामले में आप सरकार के अपने वादे से पीछे हटने पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि पहले छत्तीसगढ़ और राजस्थान की कांग्रेस सरकारों ने सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल की थी और अब हिमाचल प्रदेश में भी इसे बहाल किया गया है।
उन्होंने कहा कि पंजाब में भी सिर्फ कांग्रेस सरकार ही पुरानी पेंशन योजना को बहाल करेगी।













