Punjabi News

वोट चोरी के खिलाफ पंजाब में कांग्रेस ने शुरू किया हस्ताक्षर अभियान

149

वरिष्ठ अकाली नेता और पूर्व मंत्री अनिल जोशी कांग्रेस में शामिल
वोट चोरी के खुलासे से भाजपा बेनकाब हुई: बघेल
लोग जल्द से जल्द आप सरकार से छुटकारा चाहते हैं: वड़िंग
पंजाबियों को समझ आ गया है कि केवल कांग्रेस ही उनके हित में है: बाजवा

चंडीगढ़ :कांग्रेस ने आज राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत ‘वोट चोरी’ के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान शुरू किया, जिसके तहत 15 अक्टूबर को भारत के चुनाव आयोग को 5 करोड़ हस्ताक्षर सौंपे जाएँगे। इनमें से 15 लाख हस्ताक्षर पंजाब से जमा किए जाएँगे।

इसके अलावा, वरिष्ठ अकाली दल नेता और पूर्व मंत्री अनिल जोशी और प्रसिद्ध समाजसेवी दीपक लांबा आज कांग्रेस में शामिल हुए।

इस अवसर पर एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए, पार्टी महासचिव और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा और अन्य नेताओं ने जोशी और लांबा का स्वागत किया व कहा कि उनके शामिल होने से कांग्रेस और मजबूत होगी।

बघेल ने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा पुख्ता सबूतों के साथ किए गए खुलासे के बाद भाजपा पूरी तरह बेनकाब हो गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा अब इतनी हताश हो चुकी है कि उसके एक प्रवक्ता ने खुलेआम उन्हें (राहुल गांधी को) सीने में गोली मारने की धमकी दी है।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि पंजाब कांग्रेस वोट चोरी के खिलाफ एक राज्यस्तरीय ‘यात्रा’ आयोजित करेगी, जो सभी जिलों से होकर लोगों में जागरूकता पैदा करेगी।

बघेल ने बताया कि आज प्रदेश कांग्रेस की एक बैठक के दौरान पार्टी ने भाजपा नेता द्वारा गांधी को दी गई धमकी की कड़ी निंदा की है और उनकी सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

वहीं, जोशी और लांबा के कांग्रेस में शामिल होने के बारे में उन्होंने कहा कि इससे राज्य में अग्रणी पार्टी को और मजबूती मिलेगी।

इस मौके पर बोलते हुए, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग ने कहा कि पार्टी 10 अक्टूबर तक पंजाब से वोट चोरी के खिलाफ कम से कम 15 लाख हस्ताक्षर करवाएगी।

उन्होंने जोशी और लांबा का पार्टी में स्वागत भी किया। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग आम आदमी पार्टी सरकार से मुक्ति पाने के लिए चुनावों का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं, क्योंकि लोगों को एहसास हो गया है कि आप ने पंजाब को हर तरह से बर्बाद कर दिया है।

विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने अनिल जोशी और दीपक लांबा दोनों का स्वागत करते हुए कहा कि पंजाब के लोगों में यह आम धारणा है कि केवल कांग्रेस ही राज्य को उन बुरे हालातों से मुक्त करा सकती है, जिनमें आप ने उसे धकेल दिया है।

उन्होंने कहा कि न केवल अन्य राजनीतिक दलों के नेता कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं, बल्कि सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी और विचारक भी कांग्रेस की ओर बड़ी उम्मीदों से देख रहे हैं।

उन्होंने वोट चोरी का हवाला देते हुए, कहा कि अगर 2024 में निष्पक्ष चुनाव होते, तो भाजपा को 160 से ज़्यादा सीटें नहीं मिलतीं।

इस अवसर पर बोलते हुए, अनिल जोशी ने पार्टी की सेवा का अवसर देने के लिए कांग्रेस नेतृत्व का धन्यवाद किया। जोशी ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में, उनका दृढ़ विश्वास है कि केवल कांग्रेस ही पंजाब को प्रगति और विकास के पथ पर ले जा सकती है।

इस दौरान अन्य लोगों के अलावा, श्रीमती राजिंदर कौर भट्टल, राणा के.पी. सिंह, डा. अमर सिंह, विजय इंदर सिंगला, डा. धर्मवीर गांधी, गुरजीत सिंह औजला, शेर सिंह घुबाया, सुखमिंदर सिंह डैनी, विक्रमजीत सिंह चौधरी, बलबीर सिंह सिद्धू, सुखबिंदर सिंह सरकारिया, अरुणा चौधरी, रजिया सुल्ताना सहित सभी संगठनों के प्रमुख, सभी जिला अध्यक्ष, सभी हलका इंचार्ज और अन्य नेता भी शामिल हुए।