Punjabi News

अब इस देश की अमेरिका को सीधी चेतावनी-“ हमला हुआ तो देंगे कड़ा जवाब, मर जाएंगे लेकिन झुकेंगे नहीं”

29

International Desk: क्यूबा के राष्ट्रपति मिगुएल डियाज़-कैनेल ने कहा है कि अमेरिका के पास द्वीपीय राष्ट्र पर सैन्य हमला करने या उन्हें सत्ता से हटाने का कोई वैध कारण नहीं है। एनबीसी न्यूज के ‘मीट द प्रेस’ कार्यक्रम को दिए साक्षात्कार में उन्होंने कहा कि क्यूबा पर किसी भी तरह का आक्रमण महंगा साबित होगा और क्षेत्रीय सुरक्षा को प्रभावित करेगा। डियाज़-कैनेल ने कहा कि हालांकि, यदि ऐसा होता है तो क्यूबा के लोग अपना बचाव करेंगे। डियाज़-कैनेल ने कहा, “यदि वह समय आता है, तो मुझे नहीं लगता कि अमेरिका के पास क्यूबा के खिलाफ सैन्य आक्रमण शुरू करने या किसी ‘सर्जिकल ऑपरेशन’ अथवा राष्ट्रपति के अपहरण का कोई औचित्य होगा।” उन्होंने कहा, “यदि ऐसा होता है तो लड़ाई होगी, संघर्ष होगा और हम अपना बचाव करेंगे।

 

जरूरत पड़ी तो हम मरेंगे भी, क्योंकि हमारे राष्ट्रगान में कहा गया है कि ‘वतन के लिए मरना ही जीना है।'” उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब दोनों देशों के बीच बातचीत की पुष्टि के बावजूद तनाव बना हुआ है, हालांकि बातचीत के ब्योरे सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। डियाज़-कैनेल ने अमेरिका पर क्यूबा के खिलाफ “शत्रुतापूर्ण नीति” अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि उसे क्यूबा से कोई मांग करने का नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि क्यूबा बिना किसी शर्त के संवाद के लिए और किसी भी विषय पर चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि क्यूबा अपने राजनीतिक तंत्र में बदलाव की मांग स्वीकार नहीं करेगा, जैसे वह अमेरिकी व्यवस्था में बदलाव की मांग नहीं करता। क्यूबा ने अपने गहराते आर्थिक संकट के लिए अमेरिकी ऊर्जा नाकेबंदी को जिम्मेदार ठहराया है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं, सार्वजनिक परिवहन और वस्तुओं एवं सेवाओं के उत्पादन पर असर पड़ा है।
देश अपनी जरूरत का केवल लगभग 40 प्रतिशत ईंधन ही उत्पादन करता है और जनवरी में वेनेजुएला से तेल आपूर्ति बंद होने के बाद स्थिति और बिगड़ गई। मार्च में रूस से कच्चे तेल से भरा एक टैंकर क्यूबा पहुंचा, जो तीन महीने में पहली आपूर्ति थी और रूस ने एक और टैंकर भेजने का आश्वासन दिया है। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने क्यूबा सरकार की आलोचना करते हुए कहा था कि वहां का नेतृत्व भ्रष्ट है और तेल आपूर्ति से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। डियाज़-कैनेल ने ट्रंप के बयानों को चेतावनी के रूप में लिया और कहा कि क्यूबा को अपने लोगों, परियोजना और देश की रक्षा के लिए तैयार रहना होगा।

# International news# Cuba US tension# Miguel Díaz Canel# Donald Trump# US Cuba relations# economic crisis Cuba# Russia oil Cuba# geopolitics