Punjabi News

नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से दिया इस्तीफा, नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू

174

Bihar Election 2025: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar Resigns) ने आज राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 (Bihar Election Result 2025) में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की प्रंचड जीत के बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। 19 नवंबर को विधानसभा भंग होगी। साथ ही उसी दिन जदयू विधायक दल की बैठक भी होगी।

10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे नीतीश
इससे पहले आखिरी कैबिनेट बैठक हुई, जिसमें मौजूदा विधानसभा भंग करने का प्रस्ताव पास हुआ। कैबिनेट बैठक खत्म होने के बाद नीतीश कुमार राजभवन पहुंचे और अपना इस्तीफा सौंपा। नीतीश कुमार के इस्तीफा देने के साथ ही औपचारिक तौर पर मौजूदा सरकार भंग हो गई। 20 नवंबर को गांधी मैदान में नीतीश कुमार 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण में PM नरेंद्र मोदी सहित एनडीए के शीर्ष नेता भी शामिल होंगे।

कल अपना नेता चुनेगी भाजपा
वहीं भाजपा विधायक दल की बैठक कल सुबह 10 बजे भाजपा के अटल सभागार में होगी और विधायक दल की बैठक में भाजपा अपना नेता चुनेगी। केंद्र से हमारे पर्यवेक्षक भी आएंगे और फिर एनडीए की बैठक होगी, जिसके बाद सरकार बनाने का काम पूरा हो जाएगा। 21 नवंबर तक सरकार बनाने का काम पूरा हो जाएगा।

बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 दो चरणों में, 6 नवंबर और 11 नवंबर को हुए थे। मतों की गिनती 14 नवंबर को हुई, जिसके परिणामस्वरूप बिहार में एनडीए की जीत हुई। सत्तारूढ़ एनडीए को 243 सदस्यीय सदन में 202 सीटें मिलीं, जो तीन-चौथाई बहुमत है। यह दूसरी बार है जब एनडीए ने विधानसभा चुनावों में 200 का आंकड़ा पार किया है। 2010 के चुनावों में, इसने 206 सीटें जीती थीं। महागठबंधन को केवल 35 सीटें मिलीं, जिसमें राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने 25 सीटें, कांग्रेस ने 6, सीटें जीतीं।