Punjabi News

Mandi News: सर्बिया में सुंदरनगर के 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, घर और गांव में पसरा मातम

6

सुंदरनगर:   हिमाचल प्रदेश के सुंदरनगर से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। बेहतर भविष्य और रोजगार की तलाश में यूरोपीय देश सर्बिया गए एक 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतक की पहचान सुंदरनगर की ग्राम पंचायत अप्पर बैहली के समकल गांव निवासी निखिल कौशल पुत्र नंद लाल के रूप में हुई है। जवान बेटे की मौत की खबर से परिवार और पूरे गांव में मातम पसर गया है।

स्विमिंग पूल में नहाते समय बिगड़ी थी तबीयत
परिजनों को निखिल के दोस्तों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार यह दर्दनाक हादसा उस समय हुआ जब निखिल नहाने के लिए एक स्विमिंग पूल में गया था। दोस्तों ने बताया कि नहाते समय निखिल एक बार पूल से बाहर आ गया था, लेकिन अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसे बहुत ज्यादा पसीना आने लगा। राहत पाने के लिए वह दोबारा पानी में चला गया। जब वह काफी देर तक पानी से बाहर नहीं आया तो चिंतित होकर उसके साथी पानी में उतरे, लेकिन तब तक निखिल की मौत हो चुकी थी।

डेढ़ साल पहले ही गया था विदेश, पीछे छोड़ गया माता-पिता और छोटा भाई
जानकारी के मुताबिक, निखिल कौशल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के उद्देश्य से करीब डेढ़ वर्ष पहले ही सर्बिया गया था। उसके परिवार में माता-पिता के अलावा एक छोटा भाई है। परिवार के लोग बेटे की तरक्की की उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन अब उसकी मौत की खबर ने उन्हें गहरे सदमे में डाल दिया है। मौत के वास्तविक कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है और सर्बिया की स्थानीय पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है।

परिजनों ने भारत सरकार से लगाई मदद की गुहार
निखिल के चचेरे भाई सागर और सुनील ने बताया कि उन्हें इस दुखद घटना की सूचना सर्बिया में मौजूद निखिल के दोस्तों के माध्यम से मिली। सदमे में डूबे परिवार ने अब भारत सरकार और विदेश मंत्रालय के अधिकारियों से गुहार लगाई है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाए। इसके साथ ही, परिवार ने सरकार से निखिल के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत लाने की व्यवस्था करने की भी अपील की है, ताकि पैतृक गांव में धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार उसका अंतिम संस्कार किया जा सके।