पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में कल देर रात छात्रों ने ज़बरदस्त विरोध-प्रदर्शन किया और हंगामा मचाया। सोशल मीडिया ग्रुप्स में यूनिवर्सिटी की छात्रा के साथ कथित रेप की खबर वायरल होने के बाद भारी बवाल हो गया और हज़ारों छात्र रात करीब 2 बजे सड़कों पर उतर आए।
गुस्साए छात्रों ने यूनिवर्सिटी कैंपस के अंदर तोड़-फोड़ की और कैंपस के एक हिस्से में आग भी लगा दी। मेन गेट पर हंगामा करने के बाद, छात्रों ने चंडीगढ़-अमृतसर नेशनल हाईवे पर धरना दिया, जिससे ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो गया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में रेप का कोई सबूत नहीं मिला है और स्थिति को काबू में लाने के लिए जांच चल रही है।
यह घटना देर रात गर्ल्स हॉस्टल के पास शुरू हुई, जहां सोशल मीडिया पर एक संदिग्ध मैसेज तेज़ी से फैलने लगा। मैसेज में दावा किया गया था कि कोई बाहरी व्यक्ति हॉस्टल में घुस आया और उसने एक छात्रा के साथ रेप किया। जैसे ही मैसेज वायरल हुआ, छात्रों में गुस्सा फैल गया और वे हॉस्टल के बाहर जमा होकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाने लगे।
जानकारी के अनुसार कुछ पोस्ट में छात्रा के सुसाइड करने की बात भी कही गई. हालांकि इन दावों की पुष्टि नहीं हुई है. सोशल मीडिया पर अलग-अलग दावों के सामने आने से छात्रों में गुस्सा बढ़ता गया. छात्र बड़ी संख्या में हॉस्टल के बाहर जमा हो गए.
जल्द ही, सुरक्षा कर्मियों और प्रशासन के खिलाफ नारेबाज़ी शुरू हो गई। छात्रों का आरोप था कि कैंपस में सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम नहीं थे, जिससे बाहरी लोग आसानी से अंदर आ सकते थे। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि छात्रों ने कैंपस की संपत्ति को नुकसान पहुंचाना और आग लगाना शुरू कर दिया।
इसके बाद, विरोध कर रहे छात्र यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट की ओर बढ़े और वहां जमकर तोड़-फोड़ की। मुख्य गेट से बाहर निकलने के बाद, छात्रों ने चंडीगढ़-अमृतसर नेशनल हाईवे पर विरोध प्रदर्शन किया। हाईवे जाम होने के कारण दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और देर रात तक ट्रैफिक पूरी तरह ठप रहा।
घटना की जानकारी मिलने पर, कपूरथला के SP गौरव तूरा देर रात पुलिस बल के साथ खुद मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने विरोध कर रहे छात्रों को शांत करने की कोशिश की और उन्हें भरोसा दिलाया कि पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर फैल रही खबर महज एक अफवाह लगती है। अधिकारियों ने साफ किया कि रेप के आरोप की पुष्टि करने वाला कोई तथ्य या शिकायत अब तक सामने नहीं आई है। पुलिस अब उस सोशल मीडिया मैसेज के सोर्स का पता लगाने की कोशिश कर रही है, जिसने अफवाह फैलाई और यूनिवर्सिटी में इतना बड़ा हंगामा खड़ा कर दिया।
वहीं, छात्रों का कहना है कि यूनिवर्सिटी प्रशासन हमें घटनास्थल का सीसीटीवी फुटेज नहीं दिखा रहा है. पीड़िता का कुछ पता नहीं लग रहा है. जिस वार्डन की ड्यूटी थी, उसके भी नाम का पुलिस खुलासा नहीं कर रही है.
हंगामे के बीच LPU प्रशासन ने सोशल मीडिया पर चल रही खबरों को झूठा और भ्रामक बताया.
गौर हो कि इससे पहले पंजाब की चितकारा यूनिवर्सिटी में भी छात्रों ने विरोध-प्रदर्शन किया, जहां दो छात्राओं की सुसाईड की खबर सोशल मीडिया पर फैली . वहीं यह भी दावा किया गया कि कैंपस में भूत है.

















