नई दिल्लीः कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के सदस्यों के लिए रिटायरमेंट के बाद पीएफ की रकम निकालने को लेकर बड़ी राहत मिलने वाली है। अब कर्मचारी सेवानिवृत्ति के बाद अपने भविष्य निधि (PF) का पूरा पैसा एकमुश्त निकालने के बजाय मासिक, तिमाही, छमाही या सालाना किस्तों में निकाल सकेंगे। खास बात यह है कि प्रस्तावित नियमित किस्त निकासी योजना (SWP) के तहत निकाली जाने वाली रकम पर कोई टैक्स नहीं लगेगा। वहीं, पीएफ खाते में बची हुई राशि पर पहले की तरह सालाना ब्याज भी मिलता रहेगा।
ईपीएफओ के केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त रमेश कृष्णमूर्ति ने बताया कि इस योजना को लागू करने के लिए कर्मचारी भविष्य निधि योजना के प्रावधानों में बदलाव करना होगा। इसके अलावा आयकर कानून में भी जरूरी संशोधन किए जाने हैं। ईपीएफओ ने आयकर कानून में संशोधन का प्रस्ताव श्रम मंत्रालय को भेज दिया है। श्रम मंत्रालय इस पर वित्त मंत्रालय से बातचीत कर रहा है। उन्हें उम्मीद है कि बजट पारित होने के बाद इसे 1 अप्रैल से लागू किया जा सकता है।
10 लाख रुपए के फंड पर मिल सकता है 7 हजार रुपए मासिक
कृष्णमूर्ति ने बताया कि इस योजना का मकसद कर्मचारियों को रिटायरमेंट के बाद नियमित आमदनी उपलब्ध कराना और उनकी जमा पूंजी को सुरक्षित रखना है। उदाहरण के तौर पर, अगर किसी कर्मचारी के पीएफ खाते में 10 लाख रुपए जमा हैं और ब्याज दर 8.25 प्रतिशत है, तो सालाना करीब 82,500 रुपए ब्याज मिलेगा। इस हिसाब से हर महीने लगभग 7,000 रुपए निकाले जा सकते हैं, जबकि मूल रकम खाते में सुरक्षित बनी रहेगी।
कर्मचारी चाहें तो इससे कम रकम भी निकाल सकते हैं। उदाहरण के लिए, अगर कोई सदस्य हर महीने 5,000 रुपए निकालता है, तो सालाना 60,000 रुपए निकालेगा और बाकी 22,500 रुपए खाते में जुड़ जाएंगे। इस तरह अगली अवधि में जमा राशि बढ़ने से ज्यादा ब्याज मिलने की संभावना रहेगी।
PF खाते में 10 प्रतिशत रकम रखना अनिवार्य
ईपीएफओ ने हाल ही में पीएफ निकासी के नियमों में भी बदलाव को मंजूरी दी है। इसके तहत खाते में अनिवार्य रूप से रखी जाने वाली न्यूनतम राशि 25 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत कर दी गई है यानी अब सदस्य अपनी जमा राशि का 90 प्रतिशत तक निकाल सकेंगे। इसके अलावा पूरी रकम निकालने के लिए जरूरी प्रतीक्षा अवधि भी 12 महीने से घटाकर दो महीने कर दी गई है।
55 साल से अधिक उम्र के सदस्यों को मिलेगा लाभ
प्रस्तावित योजना के शुरुआती चरण में 55 साल से अधिक उम्र के करीब 6.32 लाख ऐसे सदस्यों को फायदा मिलने की उम्मीद है, जिनके पीएफ खातों में 5 लाख रुपए से अधिक जमा हैं। सदस्य की मृत्यु होने पर खाते में बची रकम उसके नॉमिनी को मिलेगी। नॉमिनी चाहे तो पूरी राशि एकमुश्त या किस्तों में निकाल सकेगा।
ईपीएफओ के करीब 8 करोड़ सदस्य हैं। संगठन का उद्देश्य कर्मचारियों को रिटायरमेंट के बाद आर्थिक सुरक्षा देना है, ताकि वे अपनी पूरी जमा पूंजी एक साथ खर्च करने के बजाय जरूरत के अनुसार उसका इस्तेमाल कर सकें।










