Punjabi News

भूमि अधिग्रहण कानून का उल्लंघन है लैंड पुलिंग पॉलिसी: वड़िंग

415

कहा: कांग्रेस द्वारा कानून को कमजोर करने का विरोध किए जाने के चलते अरुण जेटली को 10 जनपथ आना पड़ा था

चंडीगढ़ : पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा है कि पंजाब की लैंड पुलिंग पॉलिसी, तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस यूपीए सरकार द्वारा 2013 में लागू किए गए भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास अधिनियम का स्पष्ट उल्लंघन है।

यहाँ जारी एक बयान में, वड़िंग ने कहा कि इसी कारण उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की है कि वह हस्तक्षेप करे और पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा किसानों पर जबरन थोपी जा रही लैंड पुलिंग पॉलिसी को लागू किए जाने से रोके। उन्होंने उल्लेख किया कि जहाँ भाजपा ने कानून के प्रावधानों को कमजोर करने का असफल प्रयास किया था, वहीं पर आम आदमी पार्टी पंजाब में इसके बिल्कुल विपरीत कर रही है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने खुलासा किया कि 2014 में केंद्र में भाजपा के सत्ता में आने के बाद, उसने इस कानून और इसके विभिन्न प्रावधानों को कमजोर करने की कोशिश की थी। उन्होंने कहा कि इसी कारण तत्कालीन केंद्रीय वित्त एवं रक्षा मंत्री अरुण जेटली तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी से मिलने उनके आवास 10 जनपथ गए थे।

उन्होंने कहा कि इस संबंध में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गत दिवस कहा था कि स्वर्गीय श्री जेटली ने उन्हें धमकाने की कोशिश की थी, क्योंकि वे भूमि अधिग्रहण अधिनियम के प्रावधानों को कमज़ोर करने के सख्त खिलाफ थे।

वड़िंग ने ज़ोर देते हुए कहा कि वह कांग्रेस पार्टी और ख़ासकर राहुल गांधी के आभारी हैं। इसी वजह से भाजपा सरकार को भूमि अधिग्रहण अधिनियम को कमज़ोर करने का विचार छोड़ना पड़ा, जो यह सुनिश्चित करता है कि किसानों के अधिकारों की रक्षा हो और अगर उनकी सहमति से उनकी ज़मीन अधिग्रहित की जाती है, तो उन्हें पर्याप्त मुआवज़ा और पुनर्वास मिले।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की लैंड पुलिंग पॉलिसी स्पष्ट रूप से भूमि अधिग्रहण अधिनियम का उल्लंघन है, क्योंकि इसमें न तो किसानों की सहमति ली गई है और न ही किसानों को कोई मुआवज़ा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आप सरकार बिना किसी मुआवज़े के किसानों की ज़मीनें ले रही है और ऐसा किसी भी कीमत पर नहीं होने दिया जाएगा।