Punjabi News

कोलकाता एयरपोर्ट पर हाई वोल्टेज ड्रामा : अभिषेक बनर्जी के आने से पहले TMC और BJP कार्यकर्ताओं में जमकर चले लात-घूसे

10

नेशनल डेस्कः कोलकाता एयरपोर्ट पर उस समय भारी अफरातफरी और तनाव की स्थिति पैदा हो गई, जब तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। दिल्ली से अभिषेक बनर्जी के आगमन से ठीक पहले दोनों पार्टियों के समर्थकों के बीच जमकर हाथापाई हुई और लात-घूसे चले। इस घटना के वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें दोनों पक्षों के कार्यकर्ता एक-दूसरे के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।

अंडे फेंकने की साजिश का आरोप
तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने अभिषेक बनर्जी पर अंडे फेंकने की साजिश रची थी। अभिषेक बनर्जी के समर्थकों का कहना है कि वे वहां केवल अपने नेता का स्वागत करने आए थे, तभी बीजेपी के कुछ लड़के हाथों में अंडे लेकर वहां पहुंच गए। जब TMC कार्यकर्ताओं ने उन्हें इस तरह की संस्कृति शुरू न करने की गुजारिश की, तो वे बदसलूकी पर उतर आए।

#WATCH | West Bengal | Chaos erupts at Kolkata Airport as Abhishek Banerjee is reportedly expected to arrive here from Delhi pic.twitter.com/8e1aOxGeT0 — ANI (@ANI) June 19, 2026

हथियार निकालने का दावा और सुरक्षा पर सवाल
हंगामे के दौरान स्थिति तब और गंभीर हो गई जब TMC समर्थकों ने दावा किया कि बीजेपी के लोगों ने एयरपोर्ट पर हथियार निकाल लिए थे। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि एयरपोर्ट अथॉरिटी की मौजूदगी में कोई हथियार अंदर कैसे ला सकता है। मौके पर मौजूद पुलिस और सुरक्षा बलों ने हस्तक्षेप कर हालात को काबू में किया, हालांकि इस दौरान यात्रियों में काफी डर का माहौल बना रहा।

सांसदों की सदस्यता रद्द कराने दिल्ली गए थे अभिषेक
गौरतलब है कि अभिषेक बनर्जी टीएमसी में मची आंतरिक फूट के बीच लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात करने दिल्ली गए हुए थे। अभिषेक बनर्जी ने पार्टी के खिलाफ जाकर नई पार्टी बनाने की कोशिश कर रहे 20 सांसदों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है और उनकी सदस्यता रद्द करने की मांग की है। इसी दौरे से वापसी के दौरान कोलकाता एयरपोर्ट पर यह हिंसक झड़प हुई।