Punjabi News

मान सरकार की औद्योगिक नीतियों का नतीजा: पंजाब ने एफडीआई रैंकिंग में बड़ी लगाई छलांग, 14वें से 11वें नंबर पर पहुंचा: बलतेज पन्नू

70

4 सालों में 1.34 लाख करोड़ रुपये का निवेश, सालाना 40,000 करोड़ रुपये के विदेशी निवेश ने पंजाब बना एक बड़ा औद्योगिक हब: बलतेज पन्नू

पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में 1 लाख 17 हजार करोड़ और अकाली-भाजपा सरकार के कार्यकाल में सिर्फ 32,999 करोड़ रुपये का निवेश हुआ : पन्नू

पिछली सरकारों की विकास विरोधी नीतियों के कारण पंजाब पिछड़ गया, मान सरकार में विदेशी निवेश की रफ्तार 6 गुना तेज: पन्नू

मान सरकार पंजाब को दोबारा आर्थिक रूप से मजबूत और खुशहाल ‘रंगला पंजाब’ बनाने के लिए वचनबद्ध: पन्नू

चंडीगढ़:आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के स्टेट मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान नेतृत्व वाली ‘आप’ सरकार के सबसे अच्छी व्यापारिक नीतियों के कारण पंजाब ने निवेश के मामले में बड़ी छलांग लगाई है। पंजाब और पंजाबियों के लिए यह बहुत गर्व की बात है कि राज्य में ‘फॉरेन डायरेक्ट इन्वेस्टमेंट’ (एफडीआई) में लगातार भारी बढ़ोतरी हो रही है।

पन्नू ने कहा कि यह सुरक्षित औद्योगिक माहौल का ही नतीजा है कि पंजाब ने नेशनल रैंकिंग में 14वें स्थान से 11वें स्थान पर आकर बड़ी कामयाबी हासिल की है। दुनिया की जानी-मानी मल्टीनेशनल कंपनियां अब पंजाब को अपनी पहली पसंद बना रही हैं।

निवेश के तुलनात्मक आंकड़े सांझा करते हुए पन्नू ने बताया कि मार्च 2022 से अब तक (फरवरी 2026) के समय में पंजाब ने विकास की एक नई इबारत लिखी है। इस दौरान राज्य में सालाना औसतन 40,000 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है। मान सरकार के कार्यकाल में अब तक कुल 1 लाख 34 हजार करोड़ रुपये का निवेश हुआ है।

ये आंकड़े इस बात की गवाही देते हैं कि पंजाब की आर्थिक स्थिति और औद्योगिक ढांचा अब पिछली सरकारों के मुकाबले काफी ज़्यादा पारदर्शी और मज़बूत हो गया है।

पिछली सरकारों की नाकामियों पर निशाना साधते हुए बलतेज पन्नू ने कहा कि कांग्रेस कैप्टन और चन्नी की सरकार के दौरान सालाना निवेश सिर्फ़ 23 हज़ार करोड़ रुपये तक सीमित था और उनके पूरे 5 साल के कार्यकाल में कुल 1 लाख 17 हज़ार करोड़ रुपये का ही निवेश हो पाया था।

वहीं, अकाली-भाजपा सरकार के दौरान हालात और भी बुरे थे, जहाँ सालाना निवेश सिर्फ़ 6,600 करोड़ रुपये था और 5 साल में कुल 32,999 करोड़ रुपये का निवेश हुआ था। इससे साफ़ है कि पिछली सरकारों की नीयत साफ़ नहीं थी, जिसकी वजह से पंजाब पिछड़ता चला गया।

स्टेट मीडिया इंचार्ज ने आगे बताया कि आने वाले मार्च में ‘इन्वेस्ट पंजाब’ कॉन्फ्रेंस होने जा रही है, जिसमें देश-विदेश की सैकड़ों बड़ी कंपनियाँ हिस्सा लेंगी। इस आयोजन से पंजाब में बड़ी मात्रा में नया निवेश आएगा, जिससे न सिर्फ़ सरकारी रेवेन्यू बढ़ेगा बल्कि राज्य के युवाओं के लिए लाखों नए रोज़गार के मौके भी बनेंगे।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के संकल्प के अनुसार, सरकार पंजाब को फिर से आर्थिक रूप से समृद्ध और खुशहाल ‘रंगला पंजाब’ बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।