HP Panchayat Election 2026 : हिमाचल प्रदेश में 1,276 पंचायतों के लिए ग्रामीण निकाय चुनाव के दूसरे चरण में गुरूवार को करीब 80 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि 12 में से नौ जिलों में पुरुषों की तुलना में महिला मतदाताओं की संख्या अधिक रही। महिला और पुरुष मतदाताओं का मत प्रतिशत क्रमशः 82.97 प्रतिशत और 76.69 प्रतिशत रहा।
अधिकारियों ने बताया कि 2021 में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में मतदान प्रतिशत 76 प्रतिशत था, जो 2026 में दूसरे चरण में बढ़कर 79.79 प्रतिशत हो गया। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिल खाची ने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण रहा और राज्य के किसी भी हिस्से से अब तक कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। सबसे अधिक मतदान कुल्लू जिले में 85.52 प्रतिशत दर्ज किया गया। सिरमौर में 85.16 प्रतिशत, सोलन में 83.62 प्रतिशत, मंडी में 80.96 प्रतिशत और शिमला में 80.68 प्रतिशत मतदान हुआ। चंबा में 79.99 प्रतिशत, ऊना में 79.73 प्रतिशत, बिलासपुर में 78.95 प्रतिशत, कांगड़ा में 76.29 प्रतिशत, किन्नौर में 76.29 प्रतिशत और हमीरपुर में 74.94 प्रतिशत मतदान हुआ। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, लाहौल और स्पीति जिले में सबसे कम मतदान 69.38 प्रतिशत रहा। हमीरपुर जिले की री ग्राम पंचायत के अंतर्गत कांगरी के वार्ड नंबर एक के ग्रामीणों ने वर्षों से रुके विकास कार्यों और कई लंबित मुद्दों के समाधान में विफलता का हवाला देते हुए पंचायत चुनावों का बहिष्कार किया। वार्ड नंबर एक के लगभग 288 मतदाताओं ने मतदान तिथियों की घोषणा से पहले ही अधिकारियों को अल्टीमेटम जारी कर कहा था कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे ग्रामीण निकाय चुनावों का बहिष्कार करेंगे। उनकी प्रमुख मांग यह है कि कांगरी गांव (वार्ड नंबर-एक) को री ग्राम पंचायत से अलग करके खय्या-लोखरियान पंचायत में विलय कर दिया जाए, या वैकल्पिक रूप से उनके क्षेत्र के लिए एक अलग पंचायत का गठन किया जाए, क्योंकि उन्हें पंचायत भवन तक पहुंचने के लिए 25 किलोमीटर की यात्रा करनी पड़ती है। बृहस्पतिवार को वार्ड से एक भी व्यक्ति मतदान करने नहीं आया।
वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद अनुराग ठाकुर अपने परिवार के सदस्यों के साथ गुरूवार को समीरपुर पंचायत के मतदान केंद्र पर पहुंचे और हिमाचल प्रदेश पंचायती राज चुनाव में अपना वोट डाला। उन्होंने जोर देकर कहा कि रुझान भाजपा के पक्ष में हैं। ठाकुर ने कहा कि लोग पंचायत चुनावों में अपने मताधिकार का इस्तेमाल राज्य में कांग्रेस सरकार के खिलाफ अपना गुस्सा निकालने के लिए कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से चुनावों में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि पंचायती राज लोकतंत्र में अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिसमें 50 प्रतिशत सीट महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। उन्होंने यह भी आशा व्यक्त की कि नवनिर्वाचित प्रतिनिधि विकास का एक नया अध्याय लिखेंगे। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और बूथों के बाहर पहली बार मतदान कर रहे युवाओं के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिकों की भी लंबी कतारें लगी रहीं। पहले चरण में 1,293 पंचायतों के लिए मतदान मंगलवार को हुआ, जिसमें 78.90 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। शेष 1,274 पंचायतों के लिए तीसरे और अंतिम चरण में मतदान 30 मई को होगा।
















