सुंदरनगर, (सोढी): मंडी जिले में कुदरत का कहर लगातार जारी है। बीती रात, सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र के तहत निहरी तहसील की बोई पंचायत में हुए भूस्खलन में एक कच्चा घर मलबे में दब गया। इस हादसे में घर में मौजूद पांच लोग मलबे में फंस गए थे, जिनमें से दो को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि तीन लोग लापता हो गए थे।
आज सुबह, बचाव दल ने एक महिला का शव मलबे से बरामद कर लिया है, जबकि दो अन्य लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। यह घटना रात में हुई, जिसके बाद स्थानीय लोग तुरंत बचाव कार्य में जुट गए। मलबे के नीचे दबे लोगों को बचाने के लिए लोगों ने बेलचों की मदद से खुद ही मलबा हटाना शुरू कर दिया। घटना स्थल तक पहुंचने का सड़क मार्ग भी पूरी तरह से बंद हो गया है, जिससे बचाव दल को मौके पर पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। उपमंडल अधिकारी सुंदरनगर, अमन नेगी भी हालात का जायजा लेने के लिए मौके पर रवाना हो गए हैं।
क्षेत्र के लोग लगातार लापता लोगों को ढूंढने का प्रयास कर रहे हैं। फिलहाल, हालात काफी चिंताजनक बने हुए हैं। प्रशासन और स्थानीय लोग मिलकर बचाव कार्य में लगे हैं। इस भूस्खलन ने एक बार फिर पहाड़ों में बारिश के खतरे को उजागर किया है।












