
बिजनेस डेस्कः अगर आप सोना-चांदी खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो हो सकता है ये आपके लिए सही समय हो। सोने-चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट का सिलसिला आज भी जारी है। MCX पर दोनों के भाव लाल निशान पर कारोबार कर रहे हैं। 10 ग्राम पीली धातु यानि सोने का भाव 644 रुपए की गिरावट के साथ 1,41,206 रुपए पर कारोबार कर रहा है। वहीं चांदी की कीमत 1250 रुपए टूटकर 2,19,370 रुपए प्रति किलोग्राम पर है।
सर्राफा बाजार में बुधवार को सोने की कीमत
राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बुधवार को सोने की कीमतें 1.46 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम पर स्थिर रहीं, जबकि स्थानीय मांग कमजोर होने के कारण चांदी की कीमतों में लगातार तीसरे सत्र में गिरावट आई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत पिछले दिन के 1,46,300 रुपए प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) के स्तर पर ही बनी रही। हालांकि, चांदी की कीमत 100 रुपए टूटकर 2,26,000 रुपए प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स सहित) रह गई, जबकि मंगलवार को यह 2,26,100 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
कारोबारियों का कहना है कि आभूषण विक्रेताओं और औद्योगिक लिवालों की ओर से कम लिवाली के कारण घरेलू बाजार में कीमती धातुओं की कीमतें एक दायरे में बनी रहीं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में, हाजिर सोना 23.30 डॉलर या 0.57 प्रतिशत गिरकर 4,029.66 डॉलर प्रति औंस रह गया और चांदी लगभग एक प्रतिशत के नुकसान के साथ 58.26 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।











