— पुलिस टीमों ने 94 व्यक्तियों के खिलाफ की एहतियाती कार्रवाई, 28 को पूछताछ के बाद किया रिहा
— लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर गुप्त रूप से दे सकते हैं गैंगस्टरों संबंधी जानकारी
— ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ के 435वें दिन 7.8 किलोग्राम हेरोइन सहित 67 नशा तस्कर गिरफ्तार
चंडीगढ़:मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देशों पर शुरू की गई निर्णायक ‘गैंगस्टरों ते वार’ मुहिम के 110वें दिन पंजाब पुलिस ने आज राज्यभर में गैंगस्टरों के साथियों के चिन्हित और मैप किए गए 537 ठिकानों पर छापेमारी की।
उल्लेखनीय है कि “गैंगस्टरों ते वार” पंजाब को गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने के उद्देश्य से चलाई जा रही एक निर्णायक मुहिम है, जिसकी शुरुआत 20 जनवरी 2026 को पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव द्वारा की गई थी। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें पूरे राज्य में विशेष अभियान चला रही हैं।
मुहिम के 110वें दिन पुलिस टीमों ने छह हथियारों सहित 248 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जिससे इस अभियान की शुरुआत से अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या 27,098 तक पहुंच गई है।
इसके अलावा 94 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई, जबकि 28 व्यक्तियों को पूछताछ और जांच के बाद रिहा कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीमों ने 11 भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया।
लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 के माध्यम से गुप्त रूप से वांछित अपराधियों, गैंगस्टरों तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों संबंधी सूचना साझा कर सकते हैं।
इस दौरान पंजाब पुलिस ने नशों के खिलाफ अपनी मुहिम “युद्ध नशों विरुद्ध” को 435वें दिन भी जारी रखते हुए आज 67 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 7.8 किलोग्राम हेरोइन, 581 नशीली गोलियां/कैप्सूल तथा 12,200 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई।
इसके साथ ही केवल 434 दिनों में गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों की कुल संख्या 63,385 तक पहुंच गई है। नशा मुक्ति और पुनर्वास अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने आज नौ व्यक्तियों को नशा छुड़ाने और पुनर्वास उपचार के लिए भी प्रेरित किया।











