Punjabi News

सोशल मीडिया पर दोस्ती, शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध; फिर आपत्तिजनक तस्वीरों से करने लगा Blackmail

5

लुधियाना(राज): सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर एक युवती को झूठे वादों के जाल में फंसाने, शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और फिर आपत्तिजनक तस्वीरें खींचकर ब्लैकमेल करने का एक संगीन मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को तलाकशुदा और सिंगल बताकर युवती का विश्वास जीता और बाद में उसकी अश्लील व आपत्तिजनक फोटो के जरिए उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। पीड़ित सोनिया सिक्का द्वारा दी गई शिकायत पर हुई गहन पुलिस जांच-पड़ताल के बाद संबंधित थाना पुलिस ने आरोपी राजीव अरोड़ा के खिलाफ संगीन धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगामी तफ्तीश शुरू कर दी है।

पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार, शिकायतकर्ता सोनिया सिक्का ने पुलिस को दी दरख्वास्त में आरोप लगाया था कि आरोपी राजीव अरोड़ा सोशल मीडिया के माध्यम से उनके संपर्क में आया था। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ने पर दोनों के बीच दोस्ती हो गई।आरोपी राजीव अरोड़ा ने पीड़िता से झूठ बोला कि उसका तलाक हो चुका है और वह भी सिंगल है। इस तरह झूठ बोलकर और विश्वास में लेकर आरोपी ने पीड़िता को शादी करने का झांसा दिया तथा उसके साथ शारीरिक संबंध स्थापित कर लिए।

पीड़िता के अनुसार, शारीरिक संबंध बनाने के दौरान आरोपी ने धोखे से उसकी कुछ ऐतराजजनक (आपत्तिजनक) फोटो खींच लीं। इसके बाद आरोपी का असली चेहरा सामने आ गया और वह उन्हीं आपत्तिजनक तस्वीरों का डर दिखाकर पीड़िता को ब्लैकमेल करने लगा। आरोपी की ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता सोनिया सिक्का ने पुलिस के समक्ष इंसाफ की गुहार लगाई। दरख्वास्त प्राप्त होने के बाद पुलिस अधिकारियों द्वारा पूरे मामले की बारीकी से जांच-पड़ताल की गई। पड़ताल में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित थाना पुलिस ने आरोपी राजीव अरोड़ा के खिलाफ धोखाधड़ी, शारीरिक शोषण और ब्लैकमेलिंग की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, केस दर्ज कर मामले की आगामी तफ्तीश अमल में लाई जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।